राज्य भर में खेलों का महाकुंभ 29 अगस्त से, अभ्यास शुरू किए

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

‘खेलेगा राजस्थान-जीतेगा राजस्थान’ थीम पर होगा राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेल
नागौर। जिले में भी खिलाड़ियों ने ‘खेलेगा राजस्थान-जीतेगा राजस्थान’ की भावना के साथ खेलों का अभ्यास शुरू किया है। राज्य सरकार द्वारा ग्राम स्तर पर खेल प्रतिभाओं को खोज कर आगे लाने के लिए ग्राम पंचायत स्तर, ब्लॉक स्तर, जिला स्तरीय व राज्य स्तरीय राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों का आयोजन किया जा रहा है। जिला कलेक्टर पीयूष समारिया ने बताया कि राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों की शुरुआत 29 अगस्त से होगी, जिसमें ग्राम पंचायत स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं 29 अगस्त से, ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं 12 सितम्बर से, जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं 22 सितम्बर से तथा राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन 2 अक्टूबर से होगा। उन्होंने बताया कि इन खेलों के दौरान पहले दिन कबड्डी और खोखो, दूसरे दिन शूटिंग वॉलीबॉल और टेनिस बॉल क्रिकेट तथा तीसरे दिन हॉकी और वॉलीबॉल के खेल आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इसके लिए खेल सामग्री राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद के प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति के आदेशानुसार पीईईओ द्वारा क्रय की जाएगी।
विभिन्न कमेटियों का गठन
जिला कलेक्टर समारिया ने बताया कि खेलों के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर एक समिति का गठन किया गया है, जिसमें ग्राम पंचायत के सरपंच संयोजक व राजकीय विद्यालय के प्रधानाचार्य, ग्राम सचिव, पटवारी व शारीरिक शिक्षक सदस्य होंगे। इसी प्रकार ब्लॉक स्तर पर बनाई गई समिति में उपखण्ड अधिकारी संयोजक, पंचायत समिति प्रधान, बीडीओ, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग का प्रतिनिधि व जिला खेल अधिकारी का प्रतिनिधि सदस्य हैं। इन खेल प्रतियोगिताओं के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी होगा, जिसमें राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी फ्लैगशिप योजनाओं का प्रचार प्रसार भी किया जाएगा, जिससे आमजन तक योजनाओं का लाभ पहुंचे।
खेलों का अभ्यास शुरू
जिला खेल अधिकारी भंवर राम सियाक ने बताया कि जिला वार टीम गठन में अब तक नागौर जिला 12,922 टीम के साथ राज्य में शीर्ष स्थान पर है। उन्होंने बताया कि जिले में राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों के प्रति भारी उत्साह दिखाई दे रहा है। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे प्रतिभागियों ने शनिवार से खेलों का अभ्यास भी शुरू कर दिया है।

kalamkala
Author: kalamkala

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पड़ गई