हुनर की दक्षता से आती है व्यक्तित्व में परिपूर्णता- यायावर,
बालचर संघ के कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर का अवलोकन


लाडनूं (kalamkala.in)। राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड के स्थानीय बालचंद्र संघ के तत्वावधान में यहां गौरव पथ स्थित श्री सुभाष बोस स्कूल में चल रहे ‘कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर’ का अवलोकन सोमवार को जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के प्रदेशाध्यक्ष जगदीश यायावर ने किया। इस अवसर पर सभी शिविरार्थी बच्चों को सम्बोधित करते हुए उन्होंने जीवन में कौशल का महत्व बताया और कहा कि हर एक को अपनी रुचि के हुनर में पारंगत होना चाहिए। इससे उसके व्यक्तित्व में परिपूर्णता आती है।किताबी शिक्षा को आवश्यक बताते हुए उन्होंने स्किल डेवलपमेंट को भी जीवन के लिए जरूरी बताया और सबको अपनी रुचि के विकास के लिए उत्साह पूर्वक शिविर में सीखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही स्काउटिंग से जुड़ने के लाभ भी समझाए।
आठ तरह के कौशल में 160 बच्चे ले रहे हैं प्रशिक्षण
इस अवसर पर शिविर के बालचर संघ के सचिव व शिविर संचालक गोकुल चंद्र शर्मा ने स्काउटिंग स्कार्फ पहना कर जगदीश यायावर का स्वागत-सम्मान किया। उन्होंने शिविर के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि कुल 8 ट्रेड्स का प्रशिक्षण शिविर में बच्चों को दिया जा रहा है। इनमें 160 शिविरार्थी लाभ उठा रहे हैं। शिविर में सिलाई, मेहंदी, सेल्फ डिफेंस, लाठी संचालन, इंग्लिश स्पोकन, कंप्यूटर ट्रेनिंग, नृत्य तथा ब्यूटी पार्लर के स्किल का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण दक्ष प्रशिक्षक गंगा जाट, गुनगुन, भंवरलाल सिंगर, अरिहंत गोलछा, कुलदीप सिंह राठौड़, भैरूं सिंह चारण, जीवंत बगड़िया, मनोज स्वामी, कीर्ति जांगिड़, हंसध्वनि शर्मा, कोमल स्वामी और पुष्पा मैम प्रदान कर रहे हैं।




