लाडनूं में पंचायत चुनावों को लेकर भाजपा में सरगर्मियां तेज, करणी निवास पर उमड़ रही है दावेदारों की भीड़,
जिला परिषद एवं पंचायत समिति वार्डों से चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवार समर्थकों के साथ पहुंचे, तीन स्तर पर सर्वे के आधार पर तैयार होगा पैनल

लाडनूं (kalamkala.in)। आगामी पंचायत चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से तैयार है। यहां दावेदारों ही नहीं, बल्कि सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। लाडनूं पंचायत समिति क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जिला परिषद के पांचों वार्डों एवं पंचायत समिति के सभी 27 वार्डों से चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों के साथ ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में खासी सक्रियता देखने को मिल रही है। विभिन्न वार्डों से दावेदारी करने वाले संभावित उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ बड़ी संख्या में भाजपा नेता ठाकुर करणी सिंह के कार्यालय करणी निवास पहुंच रहे हैं। इन सभी दावेदारों ने अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन करते हुए पार्टी के समक्ष चुनाव लड़ने की इच्छा जताते हुए टिकट के लिए अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। करणी निवास पर ऋगातार बढती इन दावेदारों की आवाजाही से समूचे क्षेत्र में राजनीतिक हलचलें तेज हो गई है। इनमें अलग-अलग वार्डों से सामने आ रहे दावेदार अपने समर्थकों के साथ जनसंपर्क और संगठनात्मक गतिविधियों में जुटे हुए हैं। भाजपा के भीतर संभावित प्रत्याशियों को लेकर चर्चाओं का दौर भी चल रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं की नजर इस बात पर टिकी है कि संगठन किस आधार पर उम्मीदवारों का चयन करता है और किन चेहरों को चुनाव मैदान में उतारने का निर्णय लिया जाता है।
तीन तरह के सर्वे के आधार पर होगा टिकट का फैसला
भाजपा नेता ठाकुर करणी सिंह ने इन दावेदारों के संबंध में बताया कि विभिन्न वार्डों से चुनाव लड़ने के इच्छुक कार्यकर्ताओं के आवेदन और दावेदारियां सामने आ रही हैं। पार्टी की ओर से संभावित उम्मीदवारों की स्थिति जानने के लिए सर्वे करवाया जा रहा है। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर भी सर्वे की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि कुल तीन तरह के सर्वे करवाए जा रहे हैं, जिनके निष्कर्षों के आधार पर उम्मीदवारों की स्थिति का आकलन किया जाएगा।करणी सिंह के अनुसार, सर्वे में जिन दावेदारों की स्थिति सबसे मजबूत होगी, उनकी दावेदारी को प्राथमिकता मिल सकती है। पार्टी का उद्देश्य ऐसे उम्मीदवारों का चयन करना है, जिनकी क्षेत्र में अच्छी पकड़ हो, जनता के बीच स्वीकार्यता हो और जो चुनाव में भाजपा को जीत दिलाने की क्षमता रखते हों। सर्वे के परिणामों के आधार पर योग्य दावेदारों का पैनल तैयार कर पार्टी के उच्च स्तर पर भेजा जाएगा। अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा।
तीन नामों का पैनल बनाकर भेजने की तैयारी
लाडनूं विधानसभा क्षेत्र के प्रवासी एवं पार्टी कार्यकर्ता राकेश शर्मा ने बताया कि भाजपा में चुनावों से संबंधित प्रत्येक गतिविधि और संगठनात्मक विषय पर उच्च स्तर पर चर्चा की जा रही है। उम्मीदवारों के चयन को लेकर पार्टी गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि दावेदारों की राजनीतिक स्थिति, क्षेत्र में उनकी सक्रियता और जनता के बीच उनकी पकड़ का आकलन करने के लिए विभिन्न स्तरों पर सर्वे करवाए जा रहे हैं। राकेश शर्मा ने बताया कि सर्वे और संगठनात्मक फीडबैक के आधार पर प्रत्येक वार्ड से तीन-तीन संभावित उम्मीदवारों का पैनल बनाकर आगे भेजने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इसके बाद पार्टी नेतृत्व सभी पहलुओं पर विचार करते हुए प्रत्याशी का चयन करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि टिकट वितरण का अंतिम निर्णय पार्टी का होगा और सभी कार्यकर्ताओं को उस निर्णय का सम्मान करना चाहिए।
एकजुटता से चुनाव लड़ने पर जोर
राकेश शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में संगठन का निर्णय सर्वोपरि है। टिकट किसी एक दावेदार को मिले, लेकिन पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं की जिम्मेदारी होगी कि वे आपसी मतभेद भुलाकर अधिकृत प्रत्याशी के समर्थन में काम करें। चुनाव के दौरान व्यक्तिगत दावेदारी से ऊपर उठकर संगठन की मजबूती को प्राथमिकता देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों में भाजपा की जीत केवल एक प्रत्याशी की जीत नहीं होगी, बल्कि यह पूरे संगठन और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम होगी। सभी को मिलकर चुनाव मैदान में उतरना होगा, ताकि पंचायत समिति और जिला परिषद में पार्टी को मजबूत जनसमर्थन मिल सके।
प्रधान और जिला प्रमुख बनाने का लक्ष्य
भाजपा नेताओं का मुख्य लक्ष्य पंचायत चुनावों में अधिक से अधिक सीटों पर जीत हासिल करना है। पार्टी की रणनीति है कि मजबूत उम्मीदवारों को मैदान में उतारकर संगठन की स्थिति बेहतर बनाई जाए। इसके लिए वार्ड स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता, स्थानीय समीकरणों और संभावित प्रत्याशियों की लोकप्रियता को ध्यान में रखा जा रहा है। पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने और अधिकृत प्रत्याशी को जिताने का आह्वान किया है। भाजपा संगठन की कोशिश है कि पंचायत समिति में प्रधान और जिला परिषद में जिला प्रमुख का पद पार्टी के खाते में आए। अब सबकी निगाहें सर्वे के निष्कर्षों, संभावित उम्मीदवारों के पैनल और पार्टी नेतृत्व के अंतिम फैसले पर टिकी हैं। आने वाले दिनों में पंचायत चुनावों को लेकर लाडनूं क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।



