मिलावटियों, एक्सपायर माल के विक्रेताओं, दूषित खाद्य पदार्थ को बाजार से हटाने व सख्त कार्यवाही के लिए जुटे अधिकारी,
खाद्य सुरक्षा विभाग ने की बड़ी कार्रवाई, 67 किलो खाद्य सामग्री को करवाया नष्ट, नमूने लिए, सुधार के नोटिस दिए

डीडवाना (kalamkala.in)। जन स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिले का खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार निगरानी व कार्रवाई में जुटा हुआ है। मिलावटी, अवधिपार, गुणवत्ताहीन और मानक स्तर से निम्न खाद्य पदार्थों को बाजार में बिकने और उपभोक्ताओं तक पहुंचने से हटाने के स्थाई उपाय में भी विभाग कमर कस कर सक्रिय है। विभाग द्वारा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए गुरुवार को फिर बड़ी कार्रवाई की गई है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के निर्देशानुसार तथा अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेंद्र चौधरी के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के दौरान मौके पर 67 किलोग्राम अवधिपार खाद्य सामग्री का निस्तारण किया गया। साथ ही सेम्पल भी भरे गए हैं और सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए हैं।
कुचामन के कृष्णा ट्रेडर्स एवं सिद्धि विनायक डिस्ट्रीब्यूटर पर हुई कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने कुचामन स्थित कृष्णा ट्रेडर्स एवं सिद्धि विनायक डिस्ट्रीब्यूटर प्रतिष्ठान पर उपलब्ध खाद्य सामग्री की जांच की। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक नमूने भी लिए गए। इसके साथ ही संबंधित प्रतिष्ठान को कमियों में सुधार के लिए इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट एवं दूषित खाद्य सामग्री की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाना है। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं मिलावट के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रखी जा रही है। पूरे जिले में यह कार्रवाई जारी रहेगी।




