लाडनूं में पुलिस व कालिका टीम ने ‘शक्ति सुरक्षा अभियान’ के तहत तीन मनचलों को दबोचा,
शिव मंदिर के पास गरबा देखने आने-जाने वाली युवतियों पर फब्तियां कसने व छेड़ने पर तीन जनों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
लाडनूं (kalamkala.in)। जिला पुलिस द्वारा संचालित ‘शक्ति सुरक्षा अभियान’ के तहत लाडनूं पुलिस व कालिका पैट्रोलिंग टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए नवरात्री पर्व पर गरबा कार्यक्रम के दौरान युवतियों को परेशान करने वाले 3 मनचलों को गिरफ्तार किया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला पुलिस मुख्यालय द्वारा नारी सुरक्षा हेतु चलाये जा रहे विशेष अभियान ‘शक्ति सुरक्षा अभियान’ के तहत लाडनूं शहर में नवरात्रा पर्व पर आयोजित किए जा रहे गरबा कार्यक्रम के दौरान कालिका टीम लाडनूं को शिकायत मिली कि शिव मंदिर लाडनूं के पास कुछ आवारा लड़के बाइक लेकर खड़े रहते हैं तथा कार्यक्रम में आने-जाने वाली युवतियों व महिलाओं पर गलत कमेंट करते हैं और अभद्र भाषा का प्रयोग करके परेशान करते है। इस शिकायत पर कालिका टीम सादा वस्त्रों में उधर से निकलने वाली महिलाओं के साथ वहां उपस्थित रही, तब यह शिकायत सही पाई गई। इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए थानाधिकारी लाडनूं शिम्भुदयाल मीणा ने मय पुलिस टीम के महिलाओं को परेशान करने वाले तीन लोगों छोटुराम (22) पुत्र श्री जगदीश नाईक निवासी मुन्दडा, (पीएस सांडवा, जिला चूरु), भगवान (21) पुत्र प्रभुराम नायक निवासी मुन्दडा (पीएस सांडवा, जिला चूरु) एवं इदरिस (38) पुत्र शौकत साईं निवासी थाने के सामने जसवन्त गढ (पुलिस थाना जसवंत गढ़) को धारा 126, 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया।
इस पुलिस टीम एवं कालिका टीम की रही यह कार्रवाई
यह पुलिस कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान (आई.पी.एस.) के निर्देशन में एडिशनल एसपी डीडवाना हिमाशु शर्मा (आर पी एस) तथा वृताधिकारी लाडनूं जितेन्द्र सिंह चारण (आरपीएस) के निकटतम सुपरविजन में पुलिस मुख्यालय के द्वारा चलाये जा रहे विशेप अभियान ‘शक्ति सुरक्षा अभियान’ के तहत लाडनूं थानाधिकारी शिम्भुदयाल मीणा (सीआई) ने मय कालिका यूनिट एवं पुलिस जाप्ता के साथ मिलकर नवरात्री पर्व पर हो रहे गरबा आयोजन के दौरान आने-जाने वाली युवतियों को परेशान करने वाले मनचले युवकों के विरूद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए 3 को गिरफ्तार किया गया। इस पुलिस टीम में लाडनूं पुलिस थाने से थानाधिकारी शिम्भुदयाल मीणा, कांस्टेबल जयचंद (601) व कांस्टेबल अजय कुमार (847) शामिल रहे।



