सिवरेज कनेक्शन का कोई चार्ज नहीं है, सब घरों में हैं कनेक्शन, लेकिन नालियों को बंद नहीं करवाएं- असलम खान कैप रुडीप,
‘महिलाओं के लिए सीवरेज परियोजना एवं स्वच्छता’ विषय पर रुडीप का महिला लक्षित समूह कार्यक्रम आयोजित

लाडनूं (kalamkala.in)। राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (RUIDP) के सामुदायिक जागरूकता एवं जनसहभागिता कार्यक्रम के अंतर्गत स्थानीय बिसायतियों की गली में ‘महिलाओं के लिए सीवरेज परियोजना एवं स्वच्छता’ विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अधीक्षण अभियंता नेमीचंद पंवार एवं अधिशासी अभियंता ओम प्रकाश साहू के निर्देशन तथा सहायक अभियंता रियाज अहमद के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रूडीप कैप के असलम खान ने महिलाओं को सीवरेज परियोजना की उपयोगिता एवं महत्व की विस्तार से जानकारी दी और सिवरेज कनेक्शन के लाभ बताए। उन्होंने बताया सिवरेज कनेक्शन का कार्य शहर की सभी कॉलोनियों में किया जा रहा है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह कनेक्शन के समय अपने घर का सीवरेज कनेक्शन करवाये, जिससे यह शहर स्वच्छ औऱ सुंदर बने। उन्होंने महिलाओं को बताया कि सीवरेज कनेक्शन के लिए रूडीप द्वारा किसी प्रकार का कोई आवेदन शुल्क नहीं रखा गया है, सभी घरेलू कनेक्शनों के लिए किसी प्रकार कि कोई भी राशि नहीं देनी है।
सिवरेज लाइन में कोई प्लास्टिक या ठोस कचरा नहीं डालें औय अवरुद्ध होने से बचाएं
असलम खान ने बताया कि सीवेरेज लाइन में किसी भी प्रकार का ठोस कचरा, प्लास्टिक, सेनेटरी नेपकिन, बच्चों के डायपर अथवा अन्य अपशिष्ट न डालें, क्योंकि इससे सीवरेज लाइन अवरुद्ध हो जाती है और जाम की समस्या उत्पन्न होती है। उन्होंने घरों के स्नानघरों के नालों पर स्टील की जाली लगाने की अपील की, जिससे शैम्पू पाउच एवं अन्य ठोस पदार्थ सीवरेज लाइन में प्रवेश न कर सकें और व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो।
शहर की नालियों को बंद नहीं करवाएं, वर्षाजल सिवरेज से नहीं जोड़ें
उन्होंने कहा कि सीवरेज जल को शहर से बाहर स्थित ट्रीटमेंट प्लांट में उपचारित किया जाएगा, जिसका उपयोग किसानों द्वारा सिंचाई हेतु तथा नगरपालिका द्वारा पार्कों एवं हरित क्षेत्रों में किया जाएगा। इससे न केवल जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा बल्कि नगरपालिका की आय में भी वृद्धि होगी, जो शहर के विकास में सहायक सिद्ध होगी।
साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि वर्षा जल को सीवरेज लाइन में प्रवाहित न करें, बल्कि इसे घरों में बने टैंकों में संग्रहित करें, जो कि बाद मे उपयोगी होगा अथवा पृथक ड्रेनेज व्यवस्था के माध्यम से निकासी करें औऱ ड्रेनेज को बंद नहीं करवाये।
किसी भी सुझाव व शिकायत के लिए बताए टोल फ्री नम्बर
उन्होंने यह जानकारी भी दी कि सिवरेज योजना को लेकर किसी के भी किसी प्रकार के सुझाव एवं शिकायत टोल फ्री नम्बर पर दर्ज करवाए जा सकते हैं। उन्होंने सभी को सुझावों और समस्याओं के लिए सम्पर्क करने के लिए आमंत्रित करते हुए उन्हें टोल फ्री नंबर 1800 212 2300 से अवगत करवाया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सावित्री शर्मा ने कहा कि स्वच्छता एक अच्छी आदत ही नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे अपने घरों से निकलने वाले कचरे को नगरपालिका द्वारा भेजे गए वाहनों में ही डालें तथा अपने घर और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखें।उन्होंने महिलाओं से यह आग्रह किया कि वे अपने पड़ौस एवं समुदाय में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाएं। कार्यक्रम में सदा कंवर, शबाना, रूपा, यास्मीन, मुमताज़, नसीम, तमन्ना, पतासी देवी एवं क्षेत्र की अन्य महिलाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।


