चौधरी चरण सिंह जयंती पर 23 दिसंबर को मनायेंगे किसान दिवस,
चौधरी चरण सिंह विचार मंच ने बैठक कर तय किया सुजलांचल स्तरीय भव्य कार्यक्रम के आयोजन का
लाडनूं (kalamkala.in)। निकटवर्ती जसवंतगढ़ में चौधरी चरण सिंह विचार मंच की तिमाही बैठक में आगामी 23 दिसंबर को सुजलांचल स्तरीय भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं किसान मसीहा भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की जयंती को किसान दिवस के रूप में मनाने एवं बीपीएल परिवारों, अनुसूचित जातियों, दलित, किसान, कामगारों, पशु पालकों तथा जरूरतमंदों के उन्नयन, विकास और कल्याण के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए एक दस सदस्यीय समिति का गठन करना तय किया गया। गौरतलब है कि लाडनूं व सुजला क्षेत्र में लंबे समय से कुछ समर्पित लोग, जिनमें जगदीश प्रसाद घिंटाला, पन्नाराम भामू, गोपी राम बिजारणियां, रालोद नेता इलियास खां, मोहन राम जानू, अजीज खां, श्रवण सिंह जोधा, राम निवास मेघवाल, मुरलीधर स्वामी, गोपाल शर्मा आदि मिल कर छत्तीस बिरादरी को साथ लेकर देश के पहले किसान प्रधानमंत्री के सिद्धांतों व नीतियों को घर-घर, गांव-ढाणी तथा शहरों तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। ये लोग ही चौधरी चरण सिंह विचार मंच गठित करके लम्बे समय से उनके विचारों का प्रचार-प्रसार करने में जुटे हैं।
रालोद और भाजपा मिल कर लड़ेंगे चुनाव
राष्ट्रीय लोक दल के ब्लाक प्रमुख रामेश्वर चौधरी ने बताया कि नरेंद्र मोदी सरकार ने वर्षों से चली आ रही चरण सिंह को भारत रत्न देने की मांग को पूरा करके भारत की खेती-किसानी तथा कामगारों का दिल जीतने के साथ ही चौधरी चरण सिंह के उत्तराधिकारियों अजित सिंह तथा भारत सरकार के केन्द्रीय मंत्री जयंत चौधरी के समर्थकों एवं प्रशंसकों का भी दिल जीता है। राष्ट्रीय लोक दल राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगा, जिसे लेकर भी यहां लोगों में खुशी का माहौल है। क्षेत्र में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, किसान नेता चौधरी देवीलाल, नाथूराम मिर्धा, कल्याण सिंह कालवी, हरजी राम बुरड़क, रती राम राहड़, सुख देव शर्मा उर्फ दीपंकर, हरदयाल सिंह जोधा व पंडित गणपत राम बागड़ा का बोलबाला रहा है और वर्तमान में कसुंबी जाखला सहित दस नयी ग्राम पंचायतों के गठन के साथ आगामी माह में होने जा रहे पंचायत राज संस्थाओं के चुनावों को लेकर लोगों में खुशी का माहौल है।


