‘सशक्त नारी-सशक्त राजस्थान’ के संकल्प के साथ मनाया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस,
डीडवाना में आयोजित जिला स्तरीय महिला समारोह में 80 महिलाओं को किया गया सम्मानित




डीडवाना (kalamkala.in)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर डीडवाना के टाउन हॉल में रविवार को ‘सशक्त नारी-सशक्त राजस्थान’ के ध्येय के साथ आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रशासन ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 80 महिलाओं को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इनमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी सहायिका, ग्राम साथिन और आशा सहयोगिनी शामिल रही। उत्कृष्ट विभागीय कार्य करने वाली चार महिलाओं को पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान योजना के तहत ₹11000 की राशि व मोमेंटो और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही 12 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को माता यशोदा पुरस्कार के तहत 5100 रुपये और 2100 रुपये की राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा आशा सहयोगिनियों और चिकित्सा कर्मियों का अभिनंदन किया गया।कार्यक्रम में जिले भर की महिलाशक्ति ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में उनके साहस और समाज निर्माण में योगदान की सराहना की गई।
विकसित समाज की नींव है महिला
महिला दिवस समारोह की अध्यक्षता करते हुए जिला कलक्टर डॉ. महेंद्र खडगावत ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं को प्रोत्साहित करना ही विकसित समाज की असली नींव होती है। कार्यक्रम में जिला पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर ने कहा कि आज की नारी किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है। उन्होंने महिला सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता पर बल दिया। भाजपा जिलाध्यक्ष सुनीता माहेश्वरी ने उपस्थित महिलाओं को राज्य सरकार द्वारा महिला क्षेत्र में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया और कहा कि महिलाओं को हर क्षेत्र में निस्संकोच आगे बढ़ते रहना चाहिए।
इन सबकी रही उपस्थिति
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम में जिला कलक्टर डॉ. महेंद्र खडगावत, जिला पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर, अतिरिक्त जिला कलक्टर मोहनलाल खटनावलिया, एडिशनल एसपी हिमांशु शर्मा, ट्रेनी आरपीएस रितु कुमारी और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेंद्र चौधरी सहित महिला एवं बाल विकास विभाग, चिकित्सा विभाग, शिक्षा विभाग, राजीविका एवं कृषि विभाग से अधिकारी व महिलाओं के अलावा विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष सुनीता महेश्वरी, भाजपा नेता जितेंद्र सिंह जोधा और ओमप्रकाश मोदी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों तथा लगभग 750 महिलाएं उपस्थित रहीं।






