पुलिस विभाग ने किया सुमित्रा आर्य का जिला स्तर पर सम्मान

लाडनूं (kalamkala.in)। पुलिस अधीक्षक डीडवाना के निर्देशन में पुलिस लाईन्स में आयोजित महिला सुरक्षा संवाद और सम्मान समारोह में लाडनूं की वरिष्ठतम सामाजिक कार्यकर्ता सुमित्रा आर्य को महिला सुरक्षा में योगदान और लम्बे समय से पुलिस को लगातार सहयोग प्रदान करने के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सुमित्रा आर्य पुलिस थाना लाडनूं में सीएलजी सदस्य एवंं सुरक्षा सखी के रूप में सेवाएं दे रहीं हैं। वे जिला स्तरीय पुलिस समुदाय समन्वय समिति (डिस्ट्रिक्ट सीएलजी) नागौर में भी सन् 2002 से लगातार और पुलिस थाना लाडनूं में भी अपनी सेवाएं दीं हैं। उन्हें यह सम्मान पुलिस अधीक्षक प्यारेलाल शिवराण की ओर से जारी प्रशस्ति-पत्र आरपीएस पुलिस अधिकारी ऋतु कुमारी ने प्रदान किया। यहां गौरतलब है कि सुमित्रा आर्य को उपखंड स्तर पर राष्ट्रीय पर्वों के समारोहों के दौरान 4 बार सम्मानित किया जा चुका। राज्य स्तरीय सावित्री बाई फुले अवार्ड भी उन्हें जयपुर में महात्मा फुले जयंती समारोह के दौरान दिया जा चुका। इनके अलावा सुमित्रा आर्य विभिन्न सामाजिक संस्थाओं में महत्वपूर्ण पदों पर रह कर समाज-सेवा में योगदान देती रही हैं। वे राजस्थान राज्य समाज कल्याण बोर्ड की सदस्य रह कर, जिला सतर्कता समिति नागौर में करीब 10 सालों तक रह कर लाडनूं सहित जिले के विभिन्न स्थानों के महत्वपूर्ण मसलों के निराकरण में अपनी भूमिका निभाई थी। नगर पालिका में सन् 2000 से लगातार पार्षद बन कर जन प्रतिनिधि की भूमिका को बखूबी निभाया। जिला परिषद नागौर में जिला आयोजना समिति की सदस्य के रूप में जिले में सर्वाधिक मतों से जीत हासिल की और विभिन्न निर्णयों में अपनी भूमिका अदा की। लाडनूं शहर के लिए भी अपनी अनुशंसा से इन्होंने बजट पारित कर विकास में लगवाया था। जिला स्तरीय बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति में भी इन्होंने सदस्य के रूप में काम किया। दी नागौर सेंट्रल कोआपरेटिव बैंक लि. की सदस्य के रूप में भी अपनी अहम भूमिका पिछले करीब 16 साल से निभा रही हैं। अन्य प्रदेश स्तरीय संस्थाओं, संगठनों में भी पदाधिकारी रह कर विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुकीं व वर्तमान में कर रहीं हैं।







