लाडनूं के आर्य समाज मंदिर में किया गया श्रमदान, स्थिति सुधारने के लिए उतरे पदाधिकारी,
आर्यसमाज के पदाधिकारियों ने चलाया स्वच्छता अभियान, की जगह-जगह सफाई



लाडनूं (kalamkala.in)। स्थानीय आर्य समाज मंदिर में आर्य समाज के पदाधिकारियों व सभासदों ने मिलकर रविवार को श्रमदान किया और वहां स्वच्छता अभियान चलाते हुए साफ-सफाई के काम को बेझिझक अपने हाथ में लेते हुए सफाई कार्य किया। रविवार को ऋषि बोधोत्सव होने से बड़ी संख्या में सभासद और सदस्य वहां उपस्थित हुए। आर्य समाज परिसर में साफ-सफाई के अभाव को देखते हुए वहां सबने बैठ कर चर्चा की कि किसी मजदूर को बुलाया जाकर तीन-चार दिनों तक सफाई कार्य करवाया जाकर परिसर को स्वच्छ बनाया जाए। इस पर पार्षद एवं राजस्थान राज्य समाज कल्याण बोर्ड की पूर्व सदस्या सुमित्रा आर्य ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान के अनुरूप स्वच्छता अभियान चला कर खुद ही काम पर लिए जाने का आह्वान किया। इस पर आर्य समाज के प्रधान डॉ. जगदीश यायावर सैनी ने पहल करते हुए श्रमदान शुरू किया। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा में सिख लोग बिना किसी संकोच के कारसेवा करते हैं। यह हमारी कार सेवा है, पुण्य का काम है, इसमें सबको साथ बंटाना चाहिए। फिर जगदीश यायावर सहित पार्षद सुमित्रा आर्य, संरक्षक ओम मुनि, सुबोधचंद्र आर्य व मंत्री महावीर स्वामी ने भी श्रमदान करते हुए आर्य समाज को स्वच्छ बनाने का काम शुरू कर दिया। सबसे पहले कार्यालय, फिर पानी के हौद पर बना प्लेटफार्म, फिर स्नानघर, शौचालय, कमरे और अन्य परिसर को साफ करने का काम किया गया। संरक्षक ओम मुनि ने बताया कि आर्य समाज में लम्बे समय से सफाई कार्य नहीं किए जाने से यहां स्वच्छता की स्थित बिगड़ चुकी है। इस पर पार्षद सुमित्रा आर्य ने सबसे आह्वान किया कि हम प्रतिदिन यहां कुछ न कुछ श्रमदान करें और स्वच्छता के काम को अंजाम देते रहे, तो इस आर्य समाज मंदिर के पूरे परिसर का कायाकल्प हुए हो जाएगा। सबने सफाई कार्य में लगातार हाथ बंटाते रहने का भरोसा दिलाया।






