नगर निकाय अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के निर्वाचन की प्रक्रिया प्रारम्भ, बुधवार को भरे जाएंगे चैयरमेन के फार्म,
जिले के 8 नगर निकायों में अध्यक्षीय पदों के निर्वाचन के लिए लोक सूचना हुई जारी
डीडवाना (kalamkala.in)। राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान द्वारा नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 के अंतर्गत नगर निकायों में अध्यक्षीय पदों के निर्वाचन के लिए जिले के 8 नगर निकायों द्वारा लोक सूचना जारी कर दी गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अध्यक्षीय पदों के निर्वाचन की प्रक्रिया 15 सितंबर से प्रारम्भ होगी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी रतन कुमार ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी किए गए कार्यक्रम के अनुसार अध्यक्षीय पदों के लिए लोक सूचना 15 सितंबर को जारी की गई है। नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 16 सितंबर निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 17 सितंबर को होगी, जबकि अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 18 सितंबर को अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित है। अभ्यर्थिता वापसी का समय समाप्त होते ही उसके तुरन्त पश्चात 18 सितंबर को ही चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अध्यक्षीय पद के लिए मतदान 21 सितंबर को प्रातः 10 बजे से अपराह्न 2 बजे तक होगा। इसी दिन मतदान समाप्ति के तुरन्त पश्चात मतगणना की जाएगी। उन्होंने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नगर निकाय चुनाव की अध्यक्षीय एवं उपाध्यक्षीय पदों की निर्वाचन प्रक्रिया निर्धारित समय-सारणी के अनुरूप सम्पन्न कराई जाएगी।

