लाडनूं क्षेत्र के किसानों को फसल खराबे का मुआवजा दिलवाने को लेकर दिया मुख्यमंत्री को ज्ञापन,
भाजपा नेता करणीसिंह कर रहे हैं किसान हित में लगातार प्रयास


लाडनूं (kalamkala.in)। लाडनूं क्षेत्र में फसल खराबे के मुआवजा को लेकर यहां किसानों में गहरी नाराजगी है।भाजपा नेता करणीसिंह इन सभी पीड़ित किसानों के लिए लगातार चिंतित हैं और निरन्तर प्रयास भी कर रहे हैं। उन्होंने इसे लेकर दो बार ज्ञापन भी दिए और अधिकारियों से बराबर सम्पर्क में भी हैं। मंगलवार को फिर भाजपा नेता ठाकुर करणी सिंह ने मुख्यमंत्री एवं कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा को ज्ञापन दिया। इससे पहले 9 अक्टूबर को भी एक पत्र उन्होंने मुख्यमंत्री को दिया था। मंगलवार को फिर दिए अपने ज्ञापन में उन्होंने लाडनूं विधानसभा क्षेत्र में भारी बरसात के कारण हुए फसल खराबे की पुनः जांच करवाकर रिपोर्ट मंगवाने और किसान भाइयों को उचित मुआवजा दिलवाने की मांग की है। करणी सिंह ने अपने ज्ञापन में बताया है कि लाडनूं विधानसभा क्षेत्र में अतिवृष्टि के कारण काफी फसल खराब हुई है, लेकिन प्रशासन के सम्बन्धित अधिकारियों कर्मचारियों ने आनन-फानन में भारी बरसात से पूर्व ही फसल खराबे की रिपोर्ट बनाकर प्रस्तुत कर दी, जिससे यहां के किसान बन्धु उचित मुआवजे से वंचित रह गए। उन्होंने मांग की है कि लापरवाही की अतिरिक्त जिला कलेक्टर से जांच करवाकर और फसल खराबे की पुनः जांच करवाकर जांच रिपोर्ट मंगवाई जाये और किसान बन्धुओं को जिला डीडवाना-कुचामन की अन्य तहसीलों की तरह ही फसल खराबे का उचित मुआवजा दिलवाया जाए।
डेढ़ माह पूर्व भी दिया था यह ज्ञापन
इससे पूर्व 9 अक्टूबर को दिए गए ज्ञापन में करणीसिंह ने लाडनूं विधानसभा क्षेत्र में हुई भारी वर्षा के कारण फसलों में हुए नुकसान की शीघ्र गिरदावरी रिपोर्ट मंगवाकर पीड़ित किसानों को उचित क्षतिपूर्ति एवं ऋण माफ़ी दिलवाने की मांग की थी। इस ज्ञापन में करणीसिंह ने लिखा था कि लाडनूं में विगत 15 दिवस में हुई भारी बरसात के कारण किसान भाइयों की बड़ी फसल और संगृहीत किये हुए धान का भारी नुकसान हुआ है। अब राजस्व विभाग की अलग-अलग टीमें राजस्व निरीक्षकों के नेतृत्व में बनाकर अतिशीघ्र गिरदावरी रिपोर्ट मंगवाकर पीड़ित किसानों को उचित क्षतिपूर्ति दिलवाएं एवं उनके द्वारा विभिन्न बैंकों से लिए हुए ऋण केसीसी आदि को चुकाने की माफ़ी दिलवाने और आगामी रबी की फसल में होने वाले व्यय के लिए प्रोत्साहन राशि भी दिलवाई जाए। इसकी प्रतियां उन्होंने जिला कलेक्टर एवं उपखण्ड अधिकारी को भी दी थी।






