शिक्षा जीवन की रेखा बदलने वाली और ग़रीबी को दूर करने का माध्यम है- राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, डीडवाना में राज्यपाल बागड़े और पूर्व मुख्यमंत्री ने किया नवनिर्मित महिला महाविद्यालय भवन का लोकार्पण, वार्षिकोत्सव में की शिरकत

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

शिक्षा जीवन की रेखा बदलने वाली और ग़रीबी को दूर करने का माध्यम है- राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े,

डीडवाना में राज्यपाल बागड़े और पूर्व मुख्यमंत्री ने किया नवनिर्मित महिला महाविद्यालय भवन का लोकार्पण, वार्षिकोत्सव में की शिरकत

डीडवाना (kalamkala.in)। राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने कहा है कि शिक्षा वही होती है, जो शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक व आत्मिक विकास करती है। बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने जाने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास से ही बच्चा आगे बढ़ सकता है‌। हिम्मत व आत्मविश्वास शिक्षा के दौरान ही बनता है। राज्यपाल डीडवाना के महिला महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने पढ़ने व अभ्यास करने में अंतर बताते हुए कहा कि अभ्यास से सब दिमाग में बना रहता है। शिक्षा को सबसे महत्वपूर्ण बताते हुए राज्यपाल ने शिक्षा को जीवन की रेखा बदलने वाली और ग़रीबी को दूर करने का माध्यम बताया। उन्होंने महिलाओं के शैक्षिक स्तर और हर क्षेत्र में उनकी पहल पर हर्ष जताते हुए कहा कि पहले आफिसों में केवल पुरुष ही होते थे, अब लड़कियों की संख्या बढ़ने लगी है और लगता है कि भविष्य में आफिसों में केवल लड़कियां ही नजर आएंगी।

युवाओं के कंधों पर है ‘समृद्ध भारत’ की कल्पना 

राज्यपाल बागड़े ने तकनीकी शिक्षा को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि अमेरिका की सिलीकॉन वैली भारत के तकनीकी विशेषज्ञों से भरी हुई है। भारत के बिना अमेरिका का काम नहीं चल सकता। उन्होंने भारत के प्राचीन ज्ञान-विज्ञान और महत्वपूर्ण आविष्कारों की जानकारी भी दी और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘समृद्ध भारत’ की सोच को हमारे युवाओं के बल पर ही संभव है। उन्होंने युवाओं से आत्मविश्वास, मानव सेवा और एकाग्रता को जीवन में सर्वाधिक महत्व दिए जाने की जरूरत बताई।

राज्यपाल ने बताएं लड़कियों को आत्मरक्षा के उपाय 

राज्यपाल बागड़े ने महाविद्यालय की बालिकाओं को ऑपरेशन सिंदूर में महिलाओं की भूमिका से प्रेरणा लेकर हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही आत्मरक्षा के लिए भी उन्होंने लड़कियों को प्रेरित किया और मुकाबला करने के तरीके भी बताए‌। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह प्रसन्नता का विषय है कि यह महिला महाविद्यालय बालिकाओं को मुफ्त शिक्षा प्रदान कर रहा है।

आत्मविश्वास और मेहनत से ही बढा जा सकता है आगे

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुन्धरा राजे ने अपने सम्बोधन में आत्मविश्वास और मेहनत पर जोर देते हुए महिला शिक्षा को महत्वपूर्ण बताया और कहा कि पढ़ी-लिखी बेटी दूसरे घर जाकर बहुत बड़ा बदलाव ला देती है, क्योंकि उनमें आत्मविश्वास बढ़ जाता है। इसी तरह मेहनत कै सफलता की सीढ़ी बताते हुए उन्होंने कहा कि मेहनत से डरने वाला कभी सफल नहीं हो सकता। साथ ही उन्होंने किए हुए वादे को पूरा करने को भी आवश्यक बताया। उन्होंने लड़कियों के सामने पूरा फील्ड खुला होने और पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने का आह्वान किया तथा हर क्षेत्र में महिलाओं के प्रतिनिधित्व पर हर्ष जताते हुए कहा कि पहले महिला सांसदों की संख्या मात्र 22 थी, जो अब 75 तक पहुंच चुकी है।आजादी से लेकर आज तक महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है, और वर्तमान में भी हर क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रही हैं और घर- परिवार के साथ-साथ हमारे देश के मान-सम्मान को आगे बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं ही महिलाओं के अधिकारों की रक्षा कर सकती हैं।

बांगड़ की सलाह – जीवन में कभी हार नहीं मानें

समारोह मे श्री सीमेंट के प्रबंध निदेशक भामाशाह हरिमोहन बांगड़ ने छात्राओं को प्रेरणादायक महत्वपूर्ण सूत्र बताते हुए सफलता के मार्ग पर बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा केवल डिग्री ही नहीं है, यह समाज की शक्ति है। डिग्री ले रहे हैं, लेकिन असली शिक्षा अब ही शुरू होती है। उन्होंने जीवन में सफलता के सूत्र बताते हुए कहा कि कर्म बोलता है, शब्द नहीं। सभी आत्मनिर्भर बनें। जीवन में कभी हार नहीं माननी चाहिए। गिरना, उठना, संभलना और फिर चलना ही जिंदगी है। समाज से जो लिया है, वह वापस भी लौटाना चाहिए। जीवन में निरंतर सीखते रहें। माता-पिता, गुरुओं का सदैव सम्मान करना चाहिए। प्रारम्भ में महिला महाविद्यालय की प्रबंध समिति के महामंत्री शंकर लाल परसावत ने महाविद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विकास, गतिविधियों और कार्यक्रम को रेखांकित किया और अतिथियों का स्वागत करते हुए स्वागत वक्तव्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम को डीडवाना विकास समिति के कैलाश चन्द शर्मा ने भी संबोधित किया।

महिला कॉलेज का लोकार्पण और बांगड़ कॉलेज की विवरणिका का किया विमोचन

समारोह के दौरान बांगड़ कॉलेज की विवरणिका का विमोचन भी अतिथियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों पर आधारित रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति दी, जिसमें सभी प्रांतों के संगीत को महत्व देते हुए उनकी सांस्कृतिक झलकियां प्रकट की, जिसे अतिथियों और उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा‌। समारोह में उन्होंने स्नातक और स्नातकोत्तर उत्तीर्ण छात्राओं को उपाधियां प्रदान कीं। कार्यक्रम के दौरान डीडवाना की स्मृति बनाएं रखने के लिए जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत, एसपी ऋचा तोमर एवं अन्य ने सभी अतिथियों को एक आकर्षक चित्र भेंट किया। इससे पूर्व राज्यपाल व पूर्व मुख्यमंत्री सहित सभी अतिथियों ने महिला महाविद्यालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया और परिसर का अवलोकन किया। इस अवसर पर डीडवाना विधायक युनूस खान, पूर्व मंत्री राजपाल सिंह शेखावत, संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़, अजमेर रेंज आईजी राजेंद्र सिंह, जिला कलक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत, जिला पुलिस अधीक्षक श्रीमती ऋचा तोमर सहित सभी संबंधित अधिकारी, छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित रहे। विधायक युनूस खान महिला महाविद्यालय के अध्यक्ष होते हुए भी मंच पर विराजित होने के बजाय मंच के सामने आम जनता के साथ ही बैठे और सभी आगंतुकों से मिलते, अभिवादन करते हुए दिखाई दिए।

लाडनूं से बड़ी संख्या में पहुंचे लोग

राज्यपाल और पूर्व मुख्यमंत्री के डीडवाना आगमन पर डीडवाना के अलावा आसपास के सभी क्षेत्रों से लोग महिला महाविद्यालय पहुंचे। इस कार्यक्रम को लेकर लाडनूं में भी लोग काफी उत्साहित थे और बड़ी संख्या में यहां से लोग अपने वाहन लेकर कार्यक्रम में शरीक होने पहुंचे। यहां से भाजपा नेता व पूर्व पंचायत समिति सदस्य ओमप्रकाश बागड़ा विभिन्न ग्रामीण इलाकों से सैंकड़ों लोगों को लेकर डीडवाना कार्यक्रम में पहुंचे। इसी प्रकार देवाराम पटेल, हनुमान प्रसाद शर्मा ध्यावा, गणेश चबराल, गोरधन सिंह डाबड़ी, लक्ष्मण चारण, भगवती प्रसाद शर्मा, लिछमण स्वामी आदि भी कार्यक्रम में पहुंचे और उपस्थित रहे।

kalamkala
Author: kalamkala

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पड़ गई

लाडनूं में शराब ठेकेदार की चल रही है 10 अवैध ब्रांचें, आबकारी विभाग ने एक पर छापा मारा, पर अभियुक्त हाथ नहीं आया, अस्पताल और मंदिर के पास चल रही है शराब की अवैध बिक्री, बिगड़ रहा है मौहल्ले का माहौल

शहर चुनें

Follow Us Now