बिजली का करंट लगने से हलवाई की हुई मौत, बादेड़ गांव में बना रहा था सवामणी का प्रसाद,
हाईटेंशन लाईन का तार टूट कर घरेलू लाईन पर गिरने से सभी उपकरणों में दौड़ा करंट, पुलिस जांच में जुटी
लाडनूं (kalamkala.in)। सवामणी के प्रसाद का खाना बनाने वाले एक हलवाई की मौत विद्युत वितरण निगम की लापरवाही की वजह से हो गई। यह हादसा लाडनूं तहसील के बादेड़ गांव में घटित हुआ, जिसमें एक घर के पास से गुजर रही 11 केवी की हाईटेंशन विद्युत लाईन का तार अचानक टूट कर घरेलू बिजली की लाइन पर आ गिरा। इससे सभी घरेलू विद्युत उपकरणों में करंट दौड़ गया। इसी बीच वहां हलवाई का काम कर रहे मोटनाथ सिद्ध (40) वहां चल रही आटा चक्की को बंद करने लगा और बिजली के करंट की चपेट में आ गया। लोगों ने उसे निजी वाहन से तत्काल यहां अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही निम्बी जोधां पुलिस थाने से पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई और मामले की जानकारी जुटाई। इस हादसे को लेकर गांव वालों की तरफ से इसे बिजली विभाग की लापरवाही बताई जा रही है।





