लाडनूं में हाईवे स्थित शराब के ठेके को बंद करवाने को लेकर दिया धरना समझाइश से सलटा,
आबकारी विभाग ने लिखित में दिया 25 मई तक हो जाएगी सार्थक कार्रवाई




लाडनूं (kalamkala.in)। यहां हाईवे पर स्थित शराब की दुकान सं. 5 को बंद करवाने की मांग को लेकर दुकान के बाहर धरने पर बैठे महिला-पुरुषों को लाडनूं थानाधिकारी शिम्भुदयाल मीणा और सीएलजी सदस्य सुमित्रा आर्य ने बीच-बचाव कर मामले को सुलझाया। उन्होंने आबकारी विभाग के अधिकारी को सूचित कर मौके पर बुलाया और बातचीत के बाद ठेके को नियमानुसार बंद करवाने पर सहमति बनी। आबकारी विभाग के प्रहराधिकारी संतोष कुमार ने लिखित में दिया कि, ‘मैं प्रहराधिकारी सन्तोष कुमार लाडनूं आपको धरनास्थल पर आकर आश्वस्त करता हूं कि आप धरना को शांति पूर्वक भंग करवाएं। शराब दुकान नं. 5 को नियम-विरुद्ध पाए जाने पर दिनांक 25 मई 2026 तक इस शराब की दुकान को नियम-विरुद्ध पाई जाने पर जिला आबकारी अधिकारी जिला नागौर द्वारा उचित कार्यवाही कर हटवाने की कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।’ इसके बाद धरना हटा लिया गया। गौरतलब है कि सोमवार को सुबह ही यहां इस ठेके के पास दो व्यक्तियों द्वारा आपस में झगड़ा करने और सिर फूट जाने तथा उनके शराब पीए हुए होने के चलते नजदीक के मौहल्ले वासियों में रोष व्याप्त हो गया। उनका कहना था कि यहां आए दिन शराबी झगड़े करते रहते हैं। इसका विरोध करते हुए उन्होंने शराब का ठेका हटाने की मांग उठाते हुए धरना दिया। धरनास्थल पर पार्षद मोहनसिंह चौहान, सुमित्रा आर्य, हरिओम टाक, भोलाराम सांखला, मुकेश सांखला, विकास जांगिड़, लिखमाराम गुर्जर, जगदीश सांखला, इंद्रचंद सांखला आदि एवं बड़ी संख्या में महिलाएं भीषण गर्मी के बावजूद धरने में जमी हुई रही।






