मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर उपखण्ड अधिकारी ममता लहुआ ने किया शहर के जलभराव के संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण,
बस स्टेंड, डम्पिंग यार्ड, स्टेडियम, खानपुर के रेलवे पुलिया सहित विभिन्न स्थलों के निरीक्षण के दौरान दिए अधिकारियों कोआवश्यक दिशा-निर्देश





लाडनूं (kalamkala.in)। मानसून सत्र के मद्देनजर संभावित जलभराव एवं जनसुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए उपखण्ड अधिकारी ममता लहुआ ने शहर के विभिन्न संवेदनशील स्थलों का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान हाल ही में तेज आंधी एवं बारिश से प्रभावित स्थानों का भी जायजा लिया तथा संबंधित विभागों को आवश्यक सुधारात्मक एवं निवारक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उपखण्ड अधिकारी लहुआ ने कहा कि मानसून के दौरान नागरिकों की सुरक्षा, सुचारू यातायात एवं आवश्यक सेवाओं का निर्बाध संचालन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिशाषी अधिकारी को निर्देशित किया कि संवेदनशील स्थलों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, सभी आवश्यक संसाधन पहले से ही उपलब्ध रखे जाने सुनिश्चित करें तथा किसी भी आपातस्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बस स्टेंड सहित विभिन्न जलभराव स्थलों का निरीक्षण कर दिए निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश
उपखण्ड अधिकारी ममता लहुआ का इस दौरान नगर पालिका कार्यालय में साफा पहनाकर स्वागत किया गया। एसडीएम लहुआ ने अपने निरीक्षण दौरे अए दौरान लाडनूं शहर के बस स्टैंड का अवलोकन किया तथा वहां पर जल भराव और निकासी व निस्तारण की व्यवस्था की पूरी जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने स्टेडियम क्षेत्र, पुराना रेलवे फाटक, जोरावरपुरा तथा नगर पालिका के डंपिंग यार्ड सहित शहर के जलभराव संभावित एवं संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नालों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था को सुचारू रखने, जल प्रवाह में अवरोध बनने वाले अतिक्रमण एवं बाधाओं को तत्काल हटाने तथा वर्षा के दौरान त्वरित जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने लाडनूं के सेल्फी पॉइंट स्थित स्वागत द्वार का अवलोकन भी किया तथा इस निर्मित स्वागत द्वार के निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों की समीक्षा करते हुए नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी हरेंद्र चौधरी को आवश्यक प्रतिवेदन प्रस्तुत करने एवं तकनीकी रुप से कार्य करवाने के निर्देश दिए।
डम्पिंग यार्ड का निरीक्षण कर कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण और स्वच्छता व्यवस्था के लिए किया निर्देशित
नगर पालिका के डंपिंग यार्ड का निरीक्षण करते हुए उपखण्ड अधिकारी ममता लहुआ ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था की समीक्षा की तथा मानसून के दौरान कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण, स्वच्छता व्यवस्था एवं जलभराव की स्थिति उत्पन्न नहीं होने देने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान ग्राम खानपुर स्थित रेलवे अंडरब्रिज का भी अवलोकन किया गया, जहां वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या के कारण आमजन, विद्यार्थियों एवं किसानों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उपखण्ड अधिकारी ने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक अग्रिम कार्यवाही प्रारंभ करने के निर्देश दिए तथा रेलवे विभाग के संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर विस्तृत विचार-विमर्श एवं संयुक्त निरीक्षण के माध्यम से समाधान की कार्ययोजना तैयार किए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों के सहयोग से प्रभावी एवं दीर्घकालिक समाधान पर कार्य किया जाएगा।






