दस-दस दिनों से पानी की सप्लाई के कारण लोग परेशान, वार्ड की नियमित साफ-सफाई और नाले को साफ करवाने की मांग,
भाजपा के अजा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष ने दिया एसडीएम को ज्ञापन
लाडनूं (kalamkala.in)। शहर के वार्ड नम्बर 30 की समस्याओं को लेकर नगर पालिका सभागार में आयोजित शहरी सेवा शिविर के दौरान भाजपा अजा मोर्चा के शहर अध्यक्ष गंगाराम रैगर ने उपखंड अधिकारी ममता लहुआ अधिशाषी अधिकारी हरेन्द्र चौधरी को ज्ञापन सौंपा। गंगाराम रैगर व मंजू देवी रैगर की तरफ से प्रस्तुत इस ज्ञापन में वार्ड सं. 30 में पानी की सप्लाई नियमित नहीं होने व वार्ड में साफ-सफाई नहीं होने से कॉलोनी वासियों को हो रही परेशानियों को लेकर जिक्र किया गया है। रैगर ने अवगत करवाया कि वार्ड सं. 30 अनुसूचित जाति वर्ग का क्षेत्र है, जहां पर आर्थिक स्थिति से कमजोर लोग निवास करते हैं। इस क्षेत्र की रेगर बस्ती, सांसी बस्ती, खटीक व हरिजन बस्ती में पानी 10- 10 दिनों के अंतराल से पेयजल की सप्लाई की जाती है, जिससे लोगों को पीने के पानी को लेकर बहुत परेशानी हो रही है। लोगों को पीने का पानी लेने के लिए टैंकरों से पानी खरीद कर पीना पड़ रहा है। इसके अलावा गंगाराम ने बताया कि नगरपालिका के सफाईकर्मी इस वार्ड में रोजाना नहीं आते हैं, जिससे गलियों में गंदगी के ढेर लगे हुए रहते हैं।
नाला साफ नहीं करने से पैदा हुई समस्याएं
शिविर के दौरान पूर्व पार्षद नेमाराम भानावत ने बताया कि सांसी बस्ती से सिनेमा हॉल तक नगरपालिका द्वारा निर्मित करवाए गए बड़े नाले की सफाई लंबे समय से नहीं करवाई गई है, इससे नाला अवरुद्ध होकर शहर का गंदा पानी घरों में घुसने लगा है। इससे मक्खी-मच्छर और अन्य किटाणुओं पनपने लगे हैं। इसके कारण से मौसमी बीमारियां फैलने को संभावनाएं बनी हुई है। घरों में पानी भरने और बीमारियां और महामारी तक फैल कर कभी भी कोई बड़ी घटना और जान-माल की हानि हो सकती है।
मौके पर दिए आवश्यक निर्देश
जन सुनवाई के बाद एसड़ीएम ममता लहुआ ने इन क्षेत्रों में पानी को सप्लाई को नियमानुसार नियमित करने के लिए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के सहायक अभियंता हेमराज सैनी को हिदायत दी।वार्ड नम्बर 30 में साफ-सफाई की नियमित व्यवस्था तथा नाले की सफाई मानसून पूर्व ही करवाने के लिए के लिए नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी हरेन्द्र चौधरी को निर्देशित किया कि वे इसके लिए सफाई निरीक्षक, जमादार और सफाईकर्मियों को पाबंद करें।






