बारिश से पूर्व जल भराव रोकने के पुख्ता इंतजाम करें, नालों की सफाई और जर्जर भवनों के लिए आवश्यक कार्रवाई करें- कलेक्टर अवधेश मीणा,
सभी नगरीय निकाय बारिश में सफाई व्यवस्था दुरस्त रखें, सभी नालों और ड्रेनेज सिस्टम की सफाई का काम 7 दिनों में पूरा करें व सभी स्ट्रीट लाइट दुरुस्त रखें,
मानसून की पूर्व तैयारियों और आपदा प्रबंधन को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने दिए आवश्यक निर्देश

डीडवाना (kalamkala.in)। मानसून सत्र 2026 के मद्देनजर और आपदा प्रबंधन की पूर्व तैयारियों को लेकर जिला कलक्टर अवधेश मीना की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक का आयोजन बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया।बैठक में जिला कलक्टर ने विभागवार व उपखंडवार मानसून पूर्व की तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिये। उन्होंने सभी उपखंड अधिकारियों को जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में जल भराव वाले स्थानों की पहचान कर बारिश से पूर्व जल भराव रोकने के पुख्ता इंतजाम करने, अपने-अपने क्षेत्रों में छोटे-बड़े नालों की सफाई कराने, जिला स्तर सहित ब्लॉक स्तर पर 24 घंटे संचालित होने वाले आपदा नियंत्रण कक्ष शुरू करने, जर्जर भवनों की पहचान कर आवश्यक कार्यवाही करने तथा नियमित रूप से फील्ड में मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने बैठक में विभागवार कार्यों एवं पूर्व में दिये गए निर्देशों की समीक्षा करते हुए सभी नगरीय निकायों को बारिश के मौसम में सफाई व्यवस्था दुरस्त रखने, शहरी क्षेत्रों के सभी बड़े नालों और ड्रेनेज सिस्टम की सफाई का काम आगामी 7 दिवस में पूरा करने व सभी स्ट्रीट लाइट की जांच करने के निर्देश दिए।
बिजली के ढीले तारों, मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए आवश्यक निर्देश
कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग को बांधों की गाद निकालने, गेज सही करने एवं मिट्टी के कट्टे और मलबे हटाने के कार्य करने, ग्रामीण विकास विभाग को संभावित जल भराव वाले स्थानों से पानी की निकासी के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने, चिकित्सा विभाग को मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने और रैपिड रिस्पोंस टीम को अलर्ट पर रखने के, विद्युत विभाग को ढीले तारों और ट्रांसफार्मर व खंभों को ठीक करने तथा जलदाय विभाग को लीकेज की नियमित रूप से मरम्मत करने व शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान उन्होंने जिले में विद्यालय भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं उचित मूल्य की दुकानों की जांच करने एवं बारिश से पूर्व आवश्यक रख-रखाव कार्य पूर्ण करने करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग को जिले में सड़कों पर होने वाले जल भराव को रोकने के लिए आवश्यक उपाय करने के निर्देश दिए।
कोताही बर्दाश्त नहीं होगी
जिला कलक्टर ने स्पष्ट किया कि आपदा प्रबंधन के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर विकास मोहन भाटी, नगर परिषद आयुक्त भगवान सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेंद्र चौधरी सहित सिंचाई विभाग, विद्युत विभाग संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे तथा सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े रहे।






