एसडीएम ममता लहुआ ने रताऊ व सिलनवाद के ग्रामीण सेवा शिविरों का किया मुआयना,
आमजन से किया संवाद और ली राहत, सुविधाओं व व्यवस्थाओं जानकारी

लाडनूं (kalamkala.in)। राज्य सरकार निर्देशित ग्रामीण सेवा शिविरों में चल रहे कार्य और व्यवस्थाओं का आकस्मिक निरीक्षण उपखण्ड अधिकारी ममता लहुआ ने गुरुवार को ग्राम पंचायत रताऊ एवं सिलनवाद में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों में पहुंच कर किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा शिविर में आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान शिविर में उपस्थित अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक पात्र व्यक्ति को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी रूप से उपलब्ध कराएं। साथ ही शिविर में प्राप्त सभी प्रकरणों का यथासंभव मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।ग्राम पंचायत रताऊ में आयोजित शिविर के दौरान राजस्व विभाग द्वारा बंटवारा, राजस्व शुद्धि के प्रकरण, पंचायत राज विभाग द्वारा पट्टा वितरण एवं अन्य विभागीय पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही राहत प्रदान की गई। उपखण्ड अधिकारी ममता लहुआ ने लाभार्थियों से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई गई सेवाओं की जानकारी ली तथा विभागीय अधिकारियों को शिविरों के माध्यम से अधिकाधिक जनसमस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।






