तंवरा-लोडसर में एसडीएम ने करवाई अवैध खनिज परिवहन पर संयुक्त रूप से सख्त कार्रवाई, एसडीएम ने कहा कार्रवाई जारी रहेगी,
14 वाहनों के चालान, 1.83 लाख से अधिक की जुर्माना एवं कर देयता निर्धारित

लाडनूं (kalamkala.in)। लाडनूं उपखण्ड प्रशासन द्वारा अवैध खनिज परिवहन एवं परिवहन नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत ग्राम तंवरा एवं लोडसर स्थित क्रेशर क्षेत्रों में राजस्व विभाग एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा सघन जांच अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की गई। उपखण्ड अधिकारी लाडनूं ममता लहुआ के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के दौरान कुल 14 वाहनों के चालान बनाए गए। इनमें 1 वाहन को ओवरलोडिंग करते हुए पाया गया, 12 वाहनों के आवश्यक दस्तावेज अपूर्ण/अनुपलब्ध मिले अथवा वे बिना नंबर प्लेट के पाए जाने तथा 1 वाहन बिना टैक्स जमा किए संचालित होने पर चालान की कार्रवाई की गई। संयुक्त अभियान के दौरान विभिन्न प्रकरणों में कुल 83 हजार 900 रुपयों का जुर्माना अधिरोपित किया गया। इसके अतिरिक्त एक लोडर वाहन पर लगभग 1 लाख रुपयों की कर-देयता भी निर्धारित की गई। इस प्रकार कुल 1 लाख 83 हजार 900 रुपयों की जुर्माना एवं कर देयता निर्धारित की गई। उपखण्ड अधिकारी ममता लहुआ ने बताया कि अवैध खनिज परिवहन, ओवरलोडिंग तथा बिना वैध दस्तावेज एवं बिना कर के वाहनों का संचालन नियमों के विरुद्ध है। ऐसे मामलों में समय-समय पर राजस्व विभाग एवं परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से जांच एवं कार्रवाई की जाती रहेगी। उन्होंने वाहन संचालकों एवं संबंधित व्यक्तियों से परिवहन संबंधी सभी नियमों की पालना करने तथा वैध दस्तावेजों एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप ही वाहनों का संचालन करने की हिदायत दी। इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान उपखंड अधिकारी ममता लहुआ, तहसीलदार अनिरुद्ध देव पाण्डेय, परिवहन विभाग के करणाराम, संबंधित पटवारी तथा राजस्व एवं परिवहन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।






