कमरे में अपने पति के साथ सोई युवती सुबह गायब मिली, रात के दो बजे अज्ञात व्यक्ति के साथ मोटरसाइकिल पर बैठ कर जाते नजर आई,
पुलिस को दी गई रिपोर्ट, मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
लाडनूं (kalamkala.in)। रात को अपने पति के साथ कमरे में सोई युवती सुबह जब गायब मिली और उसे तलाश करने के बावजूद नहीं मिली, तब यह मामला लाडनूं पुलिस के सुपुर्द किया गया है। पुलिस अब मामले की जांच और खोई पत्नी की तलाश में जुटी है। इस सम्बन्ध में जानकारी मिली है कि तेली रोड के सीसीटीवी कैमरे देखने पर वय युवती रात के दो बजे करीब एक अज्ञात युवक के साथ बैग हाथ में लिए मोटर साइकिल पर बैठ कर जाते हुए नजर आई है। इस मामले की रिपोर्ट तेली रोड निवासी एक युवक ने लाडनूं पुलिस को दी है। इस रिपोर्ट के अनुसार 17 सितंबर की रात को करीब 11-11.30 बजे वह खाना खाकर सो गया था और उसकी पत्नी भी उसके साथ ही सो रही थी। सुबह करीब 5 बजे उठ कर देखा तो उसकी पत्नी कमरे में नहीं थी, तब उसने उठकर घर में सब जगह देखा और घरवालों को इसकी जानकारी दी। सबने मिलकर उसकी पत्नी को सब जगह ढूंढा, लेकिन उसकी कोई सूचना एवं जानकारी नहीं मिली।घरवालों ने गायब हुई युवती के पीहर व अन्य सभी रिश्तेदारों के यहां जानकारी भी की, लेकिन कहीं से भी उसकी कोई जानकारी नहीं मिली। फिर गली नं. 21 के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे में देखा, तो कोई अज्ञात मोटरसाईकिल वाला व्यक्ति रात के समय 2.10 ए.एम. पर उसकी पत्नी को मोटर साईकिल पर बैठाकर ले जाता हुआ दिखा। उसके बारे में उन्होंने पता करने का प्रयास किया, लेकिन उसकी पत्नी व उस मोटर साईकिल वाले अज्ञात व्यक्ति के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। बाद में घर पर तलाशी लेने पर कमरे से करीबन 71 हजार रूपये व पति की सोने की चैन व उसकी माता की दो अंगुठियां नहीं मिलीं, ये सब उसके ही कमरे की अलमारी में रखे हुये थे। इनके साथ उसकी पत्नी अपने गहने भी बैग में लेकर चली गयी। वही बैग सीसीटीवी में भी दिखाई दे रहा है। अब तक सभी घरवालों ने मिलकर उसको सब जगह तलाश कर लिया तथा अज्ञात मोटर साईकिल वाले व्यक्ति के बारे में भी पता करने का प्रयास कर लिया, लेकिन अब तक कोई जानकारी नही मिली है। उसने अपनी रिपोर्ट में उचित कानूनी कार्यवाही करने एवं पत्नी की तलाश करने में उचित मदद करने तथा उसके नकदी रूपये व सोने की चैन व माता की अंगुठियां आदि बरामद कर दिलवाने की मांग की है। पुलिस ने इस रिपोर्ट को धारा 140 (3) बीएनएस के तहत दर्ज किया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल प्रेमाराम कर रहे हैं।




