निष्पक्ष पंचायत चुनाव को लेकर जिला चुनाव पर्यवेक्षक और उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण,
लाडनूं के आजवा, साँवराद, बाकलिया, कोयल, निम्बीजोधां, लाछड़ी, मीठड़ी, हुसैनपुरा, इंद्रपुरा एवं घिरड़ौदा मीठा में मतदान व्यवस्थाओं का लिया जायजा


लाडनूं / डीडवाना (kalamkala.in)। पंचायती राज आम चुनाव 2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त जिला चुनाव पर्यवेक्षक कैलाश चंद्र यादव ने शुक्रवार को लाडनूं एवं डीडवाना क्षेत्र का सघन दौरा कर चुनावी व्यवस्थाओं का धरातलीय पर्यवेक्षण किया। पर्यवेक्षक यादव ने पंचायत समिति लाडनूं के अंतर्गत लाछड़ी, मीठड़ी, हुसैनपुरा, इंद्रपुरा एवं घिरड़ौदा मीठा तथा डीडवाना पंचायत समिति के अंतर्गत थाणुं ग्राम पंचायत में स्थित मतदान केंद्रों व चुनावी व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। दौरे के दौरान पर्यवेक्षक ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं पेयजल, छाया, सुचारू विद्युत व्यवस्था, रैंप, प्रवेश व निकास मार्ग आदि का भौतिक सत्यापन किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित स्थानीय अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने, निष्पक्षता बनाए रखने तथा पूरी चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपादित करने के निर्देश दिए।पर्यवेक्षक यादव ने क्षेत्र के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से कानून-व्यवस्था की स्थिति का फीडबैक लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों एवं संवेदनशील क्षेत्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं और आदर्श आचार संहिता की सख्ती से पालना करवाई जाए, ताकि आमजन व मतदाता बिना किसी भय या दबाव के शांतिपूर्ण वातावरण में चुनावी प्रक्रिया में भाग ले सकें।
लाडनूं के आजवा, साँवराद, बाकलिया, कोयल व निम्बीजोधां में निरीक्षण
इसी तरह पंचायत चुनाव के चतुर्थ चरण के मतदान को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शुक्रवार को उप जिला निर्वाचन अधिकारी रतन कुमार ने लाडनूं के आजवा, साँवराद, बाकलिया, कोयल व निम्बीजोधां में मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर शनिवार को होने वाले मतदान की आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, मतदाताओं के लिए बुनियादी सुविधाओं, मतदान केंद्रों पर वाॅलिंटियर लगाने, ईवीएम व मत पत्रों की सुरक्षा, समय पर मतदान प्रक्रिया शुरू करने सहित आवश्यक निर्देश संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। साथ ही मतदान केंद्रों पर रैंप, बिजली, पानी, छांव और दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के लिए संबंधित प्रभारियों को पाबंद किया। इस दौरान प्रशिक्षु आरएएस निकिता राठौड़ सहित विभिन्न अधिकारी व कार्मिक मौजूद रहे।



