कन्या पूजन एवं नौ दुर्गा, चौंसठ योगिनी व बाबा भैरवनाथ की पूजा का विशेष कार्यक्रम 17 अक्टूबर को,
लाडनूं के भैया बगीची मंदिर में होगा आयोजन, किया जाएगा नवरात्रा में निराहार तपस्या, जैन धर्म की अठाई व मास-खमण की तपस्या करने वालों का भी सम्मान

लाडनूं (kalamkala.in)। यहां पहली पट्टी पर जैन विश्व भारती रोड पर स्थित भैया बगीची मंदिर में नवरात्रा के अवसर पर आगामी 17 अक्टूबर को कन्या पूजन का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसे लेकर रेलवे स्टेशन के सामने स्थित वीर हनुमान मंदिर परिसर में समाजसेवी विनोद पटावरी की अध्यक्षता में एक बैठक रखी गई, जिसमें लाडनूं विकास संस्थान के तत्वावधान में आयोजित किए जाने वाले इस कार्यक्रम के बारे में अध्यक्ष डॉ. शंकर आकाश ने बताया कि इस कार्यक्रम में सर्व समाज की कन्याओं का पूजन कार्यक्रम 17 अक्टूबर को सायंकाल 4 बजे पहली पट्टी में जैन विश्व भारती रोड स्थित भैया बगीची हनुमान मंदिर में रखा गया है। इस कार्यक्रम में नौ दुर्गा, चौंसठ योगिनी एवं बाबा भैरवनाथ की पूजा की जाएगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के लिए किसी भी प्रकार का चंदा (अर्थ संग्रह) नहीं किया जाएगा।कन्या पूजन करने वाले व्यक्ति स्वयं ही अपने हाथों से कन्याओं को दी जाने वाली सामग्री समर्पित करेंगे। इस कार्यक्रम में नवरात्रा में निराहार तपस्या तथा जैन धर्म की अठाई व मास-खमण की तपस्या करने वाले लोगों का भी सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम में नशा मुक्ति संकल्प एवं कन्या-भ्रूण हत्या विरोधी शपथ भी दिलाई जाएगी। कार्यक्रम की सफलता के लिए विभिन्न आसपास के लोगों को अनेक समितियां बनाकर प्रभार सौंपा गया है। आकाश ने बताया कि कार्यक्रम के सह आयोजक श्री शिवाय परिवार एवं लाडनूं महिला मंडल रहेंगे। इस बैठक में चंद्रेश गोलछा, संजय राणा, मूलचंद घोसल, राहुल सोनी, प्रवीण बैद, महेंद्र गोलछा, निर्मल बोरड़ कोलकाता, राजकुमार तुनगरिया, अनूप लोहिया़, शिव शंकर बोहरा, कमल टाक, राजपाल सिंह चौहान आदि उपस्थित रहे।


