मुआवजा और बीमा क्लेम भुगतान की मांग को लेकर किसानों में रोष, ज्ञापन सौंपा,
मुआवजा नहीं दिया जाने पर किसानों ने दी आंदोलन की चेतावनी
लाडनूं (kalamkala.in)। आखिल भारतीय किसान सभा के तत्वावधान में क्षेत्र के किसानों ने यहां उपखंड अधिकारी ममता लहुआ को जिला कलक्टर के नाम का ज्ञापन सौंप कर किसानों का बकाया मुआवजा दिए जाने की मांग करते हुए पावर ग्रिड कम्पनी के प्रति रोष जताया है। उन्होंने इसके साथ ही भुगतान नहीं किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है। अपने ज्ञापन में किसानों ने लिखा है कि भड़ला से सीकर जा रही हाईटेन्शन ट्रांसमिशन लाईन फेस 3 का कार्य लाडनूं तहसील में पूरा हुए 8 माह से ज्यादा का समय बीत चुका है, लेकिन किसानों को उनका उचित मुआवजा तक नहीं दिया जा रहा है। किसानों द्वारा सम्पूर्ण कागज कार्यवाही पूर्ण की जा चुकी, इसके बावजूद बहुत से किसानों को अभी तक कोरिडोर में आने वाली जमीन, उस पर स्थित पेड़-पौधों, मकान ट्यूबवैल, डिग्गी आदि का मुआवजा अभी तक उन्हें नहीं मिला है। इसके अलावा वर्ष 2022-23 की रबी फसल का बकाया मुआवजा व बीमा क्लेम भी तुरन्त जारी करवाया जावे। खरीफ 2025 के फसल खराबे का मुआवजा व बीमा क्लेम भी दिलवाया जाये। इन मांगों को लेकर लाडनूं तहसील के किसानों में पावर ग्रिड कम्पनी व सरकार के प्रति बहुत ज्यादा रोष है।अतः जल्दी से जल्दी मुआवजा दिलवाया जाये, वरना किसानों को आन्दोलन करना पड़ेगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेवारी पावर ग्रिड और लाडनूं प्रशासन व सरकार की होगी। यह ज्ञापन देने वालों में किसान संघ के अध्यक्ष भंवरलाल सारण के नेतृत्व में रूपाराम गोरा, राम करण सारण चन्द्राई, जगदीश पोटलिया, दुर्गा राम खीचड़ निम्बी, मदनलाल बेरा, शिव भगवान रिणवां, मदनलाल कासनिया आदि शामिल थे।



