लाडनूं के शहरिया बास में हुई लाखों की चोरी के आरोपी को पुलिस ने 24 घंटों में दबोच कर किया गिरफ्तार,
सीसीटीवी कैमरे में आ गई थी चोर की स्पष्ट तस्वीर, शहरिया बास का ही रहने वाला है मुलजिम, इसके साथियों और चोरी का माल बरामद करने के लिए चल रही है तफ्तीश
लाडनूं (kalamkala.in)। यहां शहरिया बास में मायरा भरने गए परिवार के सूने घर में घुसकर लाखों की चोरी करने के मामले में सीसीटीवी फुटेज में आए स्पष्ट फोटो के आधार पर पुलिस ने चोरी के एक आरोपी को पकड़ा है। नकबजनी के प्रकरण में इसे पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई माना जा रहा है। इस प्रकरण में आरोपी रिजवान खां को मात्र 24 घंटे में उसके शहरिया बास स्थित घर से ही डिटेन कर लिया गया। एसपी डॉ. प्यारे लाल शिवरान के निर्देशन में, एडिशनल एसपी हिमांशु शर्मा तथा लाडनूं वृताधिकारी जितेन्द्र सिंह चारण के निकटतम सुपरविजन में लाडनूं थानाधिकारी शिम्भुदयाल मीणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह सफलता प्राप्त की।घटनानुसार 22 अक्टूबर को इकबाल खाँ पुत्र हबीब खां कायमखानी निवासी वार्ड नं. 1, शहरिया बास लाडनूं ने पुलिस को एक रिपोर्ट दी कि रात्रि के समय में रिजवान (28 वर्ष) पुत्र फैजू खां कायमखानी निवासी शहरिया बास लाडनूं उनके घर में घुसकर नकद रूपये व सोने-चांदी के आभूषण चोरी करके ले गया। इस रिपोर्ट पर लाडनूं पुलिस ने प्रकरण संख्या 175 अन्तर्गत धारा 331 (4), 305 (ए) बीएनएस में पंजीबद्ध कर अनुसंधान शुरू किया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुये पुलिस थाना स्तर पर टीम गठित कर मुल्जिम की तलाश शुरू गई। टीम ने अपनी कार्यकुशलता, मुखबिरी पकड़ तथा साक्ष्य संकलन कर तकनीकी सहायता से मुल्जिम रिजवान पुत्र फेजू खां कायमखानी निवासी शहरिया बास लाडनूं को मात्र 24 घंटों के भीतर डिटेन किया करके पूछताछ व अनुसंधान के बाद गिरफ्तार किया।आरोपी से गहनता से अनुसंधान हेतु पुलिस रिमाण्ड प्राप्त कर चोरी किया गया माल बरामद किया जावेगा। प्रकरण में गहनता से अनुसंधान जारी है।इस मामले में थानाधिकारी शिम्भुदयाल मीणा के साथ एएसआई चेतराम, हेड कांस्टेबल प्रेमाराम व कांस्टेबल जयचन्द शामिल रहे।



