अ.भा. किसान सभा की राष्ट्रीय सम्मेलन में उठाई गई नागौर व डीडवाना जिलों की किसानों की समस्याएं,
देश के प्रमुख 800 प्रतिनिधियों में क्षेत्र के भागीरथ नेतड़, मदनलाल बेरा सहित किसान प्रतिनिधि हुए शामिल
नागौर/डीडवाना (kalamkala.in)। अखिल भारतीय किसान सभा का 36वाँ राष्ट्रीय सम्मेलन तेलंगाना के नालगौडा में (15 से 18 नवम्बर) चल रहा है। इस राष्ट्रीय सम्मेलन में संयुक्त नागौर जिले (नागौर व डीडवाना-कुचामन) से 5 प्रतिनिधि साथी भाग ले रहे हैं। इनमें कामरेड भागीरथ नेतड़, कामरेड मदनलाल बेरा, कामरेड मोतीलाल शर्मा, कामरेड चुनाराम पालीयाल, कामरेड हरिशंकर मांडिया शामिल हैं। इन प्रतिनिधियों ने राजस्थान ही नहीं विशेषकर नागौर व डीडवाना क्षेत्रों की मुख्य समस्याओं को सम्मेलन में रखा। इन समस्याओं में बछड़ों के बाहर ले जाने पर लगा प्रतिबंध हटाया जाने, पूरे जिले की तमाम ढाणियों तक नहर का पानी पहुंचाया जाने, बिजली व पानी की समस्याओं का समाधान किया जाने, नरेगा को बहाल किया जाने, भूमि-अधिग्रहण पर बाजार दर से मुआवजा दिया जाने, भूमि मालिक को खनिज निकालने की लीज़ दी जाने, शिक्षा व स्वास्थ्य का निजीकरण बन्द किया जाने आदि मुद्दों को उठाया गया। सम्मेलन में इस क्षेत्र के इन महत्वपूर्ण मुद्दों को रखा जाना अपने आप में एक प्रमुख कदम रहा। इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देश के 28 राज्यों से 800 प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।


