राष्ट्रीय मंत्री अलका गुर्जर को राजनीतिक हालातों से अवगत करवाया
लाडनूं। भारतीस जनता पार्टी के विधानसभा संयोजक उमेश पीपावत ने नई दिल्ली में भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री श्रीमती अलका गुर्जर से भेंट करके उनसे संगठन के सम्बंध में चर्चा की। उन्होंने गुर्जर को नागौर और विधानसभा क्षेत्र के पार्टी संगठन और गतिविधियों के बारे में जानकारी प्रदान की और प्रदेश की राजनीति पर भी संक्षिप्त चर्चा की। भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री गुर्जर ने उन्हें संगठन को मजबूत बनाने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के अहम कार्य को निरन्तर करने की सलाह देते हुए राजस्थान की गहलोतनीत कांग्रेस की नाकारा सरकार की जनविरोधी नीतियों एवं प्रदेश में बिगड़ती कानून एवं व्यवस्था की स्थिति का जमकर विरोध करने एवं जनता को अपने हकों के लिए जागरूक करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि सारा कार्य कार्यकर्ताओं के बलबूते ही किया जा सकता है। हमें अपने कार्यकर्ताओं से सीधा सम्पर्क एवं सम्बंध बनाकर रखना चाहिए।
