काल बनी बिजली की जर्जर हाईटेंशन लाईन, खेत में काम कर रहे दो युवकों की 11 केवी लाइन के तेज करंट से मौत परिजनों ने लगाया विद्युत विभाग पर घोर लापरवाही का आरोप, पुलिस में हुई रिपोर्ट दर्ज

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

काल बनी बिजली की जर्जर हाईटेंशन लाईन, खेत में काम कर रहे दो युवकों की 11 केवी लाइन के तेज करंट से मौत

परिजनों ने लगाया विद्युत विभाग पर घोर लापरवाही का आरोप, पुलिस में हुई रिपोर्ट दर्ज

लाडनूं/ सुजानगढ़ (kalamkala.in)। उपखंड क्षेत्र के ग्राम हुडास से जुड़े मूंदड़ा गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां पलभर में छीन लीं। कृषि कार्य के दौरान 11 केवी विद्युत लाइन टूटकर खेत में गिर गई, जिससे गीली मिट्टी में करंट फैल गया और उसकी चपेट में आने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक युवकों के परिजनों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सुजानगढ़ पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार हुडास निवासी मांगीलाल छीपा (33) पुत्र खाजू मोहम्मद तथा पड़ोसी गांव मुंदड़ा निवासी गजेंद्रसिंह राजपूत (28) पुत्र नानूसिंह रविवार सुबह करीब 8:57 बजे सुजानगढ़ तहसील के ग्राम मूंदड़ा स्थित सायरसिंह राजपूत के खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। दोनों युवक फव्वारे की पाइप बदलने एवं बुवाई संबंधी कार्य में जुटे हुए थे।‌ इसी दौरान खेत में निकट से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन अचानक टूट गई और गीली मिट्टी में करंट प्रवाहित हो गया। दोनों युवक इस तेज करंट की चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना आकस्मिक और भयावह था कि दोनों युवकों को संभलने तक का अवसर नहीं मिला। खेत में मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते पूरे क्षेत्र में मातम छा गया।

कई बार दी थी शिकायत, फिर भी नहीं चेता विभाग

मृतकों के परिजनों का आरोप है कि खेतों के पास से गुजर रही विद्युत लाइन की स्थिति को लेकर पूर्व में कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को अवगत कराया गया था। ग्रामीणों ने लाइन को सुरक्षित करने, तारों की ऊंचाई बढ़ाने तथा आवश्यक मरम्मत कराने की मांग भी की थी, लेकिन विभाग ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक सुरक्षा उपाय किए गए होते तो आज दो परिवारों के चिराग बुझने से बच सकते थे।

अमरीका जाने की तैयारी थी, मौत पहले पहुंच गई

हादसे में जान गंवाने वाले गजेंद्रसिंह के घर में इन दिनों खुशियों का माहौल था। परिवार के अनुसार गजेंद्रसिंह आगामी 26 जून को रोजगार के सिलसिले में अमेरिका जाने वाले थे। विदेश यात्रा की तैयारियां लगभग पूरी चुकी थीं और घर में उत्सव जैसा वातावरण था। परिवार को उम्मीद थी कि गजेंद्रसिंह विदेश जाकर परिवार का भविष्य संवारेंगे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। गजेंद्रसिंह विवाहित थे तथा उनकी दो बेटियां हैं। पत्नी दुर्गा कंवर, वृद्ध माता-पिता और पूरा परिवार उन्हीं पर आश्रित था। घटना की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। माता-पिता और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर आंख नम दिखाई दी।

परिवार का सहारा भी छीन गया

दूसरे मृतक मांगीलाल छीपा खेती बाड़ी और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। पांच भाइयों में सबसे बड़े मांगीलाल परिवार के मुखिया थे। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका, ऐसे में पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। पीछे पत्नी, दो छोटे बच्चे और वृद्ध मां है। घटना की सूचना मिलते ही मां बदहवास हो गई। वह बार-बार बिलखते हुए कहती रही, ‘मुझे उठा लेते, यह दिन देखने के लिए मेरे बेटे को क्यों ले गए।’ वहीं पत्नी सदमे में इतनी टूट गई कि कई बार उसकी तबीयत बिगड़ गई। पूरे गांव का माहौल गमगीन बना हुआ है।

दोषियों पर कार्रवाई की मांग

परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले के की निष्पक्ष जांच कर विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि विभागीय लापरवाही के कारण ये दोनों परिवार के युवा सदस्य असमय ही काल का ग्रास बन गए। सुजानगढ़ थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस खेत की परिस्थितियों, विद्युत लाइन की स्थिति और सुरक्षा मानकों की पड़ताल कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इधर हुडास ग्राम पंचायत की प्रशासक चांद कंवर ने भी घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्षेत्र की जर्जर विद्युत लाइनों की तत्काल जांच कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जानी चाहिए। दो युवकों की एक साथ हुई दर्दनाक मौत ने न केवल दो परिवारों को उजाड़ दिया, बल्कि पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। गांवों में हर जुबान पर एक ही सवाल है यदि समय रहते विभाग चेत जाता, तो ये दोनों जिंदगियां बच सकती थीं।

kalamkala
Author: kalamkala

[the_ad id='179']

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पड़ गई

इस्लाम के पैगम्बर हजरत मोहम्मद के जन्मदिन ईद-मिलादुन्नबी पर 26 अगस्त को निकलेगा जुलूस-ए-मोहम्मदी, जुलूस को लेकर शहरिया बास में युवाओं ने बैठक कर किया समय और मार्ग का निर्धारण, शांति पूर्ण जुलूस का किया फैसला

[the_ad id='15212']
[the_ad id='22854']
[the_ad id='22855']
[the_ad id='22856']

शहर चुनें

Follow Us Now