लाडनूं तहसील के रूप में नवपदस्थापित कुटेन्द्र राठौड़ ने संभाला कामकाज, नवागत का स्वागत, निवर्तमान को विदाई


लाडनूं (kalamkala.in)। बड़ी संख्या में प्रदेश भर के प्रशासनिक अधिकारियों, मंत्रालयिक कर्मचारियों, शिक्षकों आदि के तबादले किए जाकर उन्हें इधर-उधर किए जाने के बाद अब ज्वायनिंग का दौर शुरू कर दिया गया। हालांकि अभी भी कुछ लोगों को उम्मीद है कि उनका ट्रांसफर गलत हुआ है और उनका तबादला निरस्त हो सकता है। लाडनूं में भी यही दौर कमोबेश जारी है। ऐसे में राज्य सरकार द्वारा जारी आरटीएस अधिकारियों की तबादला सूची में लाडनूं के तहसीलदार अनिरुद्ध देव पांडेय का स्थानांतरण हुआ था और उनके स्थान पर कुटेन्द्र राठौड़ को लगाया गया था। बुधवार को लाडनूं में नवपदस्थापित तहसीलदार कुटेंद्र राठौड ने पहुंच कर अपना कार्यभार ग्रहण किया। अब लाडनूं तहसीलदार के रूप में कुटेंद्र राठौड़ पूरी तहसील का कामकाज संभालेंगी। राजस्व विभाग और पंजीयन विभाग उनके अधीन रहेंगे। निर्वाचन विभाग में भी उनकी भूमिका रहेगी और अन्य प्रशासनिक और विधिक कामकाज अब उनकी क्षमताओं के अनुसार संचालित होंगे। तहसील के कार्यभार ग्रहण करने के दौरान निम्बी जोधां के समाजसेवी हरिराम खीचड़, आसोटा सरपंच हरदयाल रूलानिया, ओड़ींट सरपंच गणेश चबराल, गजेंद्र सिंह, रामप्रसाद खीचड़ ने उनका स्वागत व अभिनंदन किया। चंदन डूडी, एडवोकेट खेताराम खीचड़, गुलशेर खान तथा रामप्रसाद खीचड़ ने तहसीलदार को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर निवर्तमान तहसीलदार अनिरुद्ध देव पांडे को माल्यार्पण कर सबने भावभीनी विदाई दी। सभी उपस्थित लोगों ने पांडेय के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामनाएं की। साथ ही विश्वास जताया कि नई तहसीलदार कुटेन्द्र राठौड़ के नेतृत्व में तहसील प्रशासन पारदर्शी, संवेदनशील और जनहितकारी कार्यशैली के साथ आमजन को बेहतर एवं समयबद्ध राजस्व सेवाएं उपलब्ध करवाएंगी। नवागत तहसीलदार राठौड़ ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए निष्पक्ष एवं जनसेवा के लिए अपनी प्रतिबद्धता का भरोसा दिलाया।







