जीवन के स्वास्थ्य एवं दिशा परिवर्तन के लिए प्रतिदिन 10 मिनट का ध्यान व योग का संकल्प अवश्य लें- समणी नियोजिका मधुरप्रज्ञा,
योगोत्सव 2025 काउंट डाउन कार्यक्रम में एडिशनल एसपी ने बताई स्वस्थ जीवन के लिए योग व ध्यान की आवश्यकता

लाडनूं (kalamkala.in)। जैन विश्व भारती स्थित आचार्य तुलसी इंटरनेशनल प्रेक्षाध्यान केन्द्र में आयोजित योगोत्सव-2025 काउंट डाउन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन प्रेक्षा फाउंडेशन व मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान, आयुष मंत्रालय भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान किया गया।आयुष मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में यह चौथी बार ऐसा कार्यक्रम आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में निर्धारित प्रोटोकोल के अनुसार सबने सामुहिक रूप से यौगिक क्रियाओं का अभ्यास किया। सभी उपस्थित लोगों को प्रशिक्षिका नन्दिनी कासलीवाल, प्रशिक्षक जयदीपसिंह निर्मला आदि ने प्रोटोकोल के अनुसार योगाभ्यास करवाया। उन्होंने प्रत्येक यौगिक क्रिया के लाभ आदि विस्तार से बताते हुए उनका अभ्यास करवाया। कार्यक्रम में समणी डा. अमलप्रज्ञा ने सभी संभागियों को प्रेक्षाध्यान का अभ्यास करवाया।
पतंजलि योग सूत्र और ध्यान की महता बताई
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीडवाना हिमांशु शर्मा ने इस अवसर पर पतंजलि योगसूत्र में दिए गए योगसूत्र का उल्लेख करते हुए बताया कि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। उन्होंने अपने वक्तव्य में योग व ध्यान की महता को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में समणी नियोजिका मधुरप्रज्ञा ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए प्रतिदिन 10 मिनट का ध्यान व योग का संकल्प लिया जाए, तो जीवन की दिशा परिवर्तित हो सकती है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एडिशनल एसपी हिमांशु शर्मा का स्वागत-अभिनंदन जैन विश्व भारती परिसर संयोजक धर्मचंद लुंकड़ ने किया तथा विशिष्ट अतिथि लाडनूं पुलिस थाने के थानाधिकारी महीराम बिश्नोई का स्वागत संचालिका समिति के सदस्य राजेन्द्र खटेड़ ने किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मंगलाचरण द्वारा किया गया।
इन सबकी रही सहभागिता
आयोजन में जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, तेरापंथ महिला मंडल व कन्या मंडल, तेरापंथ युवक परिषद, भारत विकास परिष्द, गुरुकुल डिफेन्स एकेडमी, लक्की डिफेन्स एकेडमी, दशहरा मेला समिति, युवामंच, गोसेवा टीम, आयुर्वेद विभाग, बापूजी नर्सिंग कालेज, जैन विश्व भारती संस्थान, विमल विद्या विहार, सेवाभावी आयुर्वेदिक रसायनशाला आदि की भी प्रतिभागिता रही। नगर के प्रमुख लोग हनुमानमल जांगीड़, रमेश राठौड़, सुरेश जाजू, बृजेश माहेश्वरी, सुशील पीपलवा, सुशील शर्मा, प्रकाश सोनी डा. रेणु शर्मा, ईशा गुर्जर, रेणु कोचर, ओमप्रकाश गुर्जर, प्रकाश सोनी आदि भी उपस्थित रहे। मंच का संचालन डा. विजयश्री ने किया। अंत में राजेन्द्र खटेड़ ने आभार ज्ञापित किया। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में संजय बोथरा, आशीष गुर्जर, इन्दरचंद बुच्चा, सुशील मिश्रा, दीपक वर्मा, दीपक ज्याणी, दीपक महतो का विशेष सहयोग रहा।







