दोहा कत्तर से मुंबई होकर जयपुर पहुचने पर पकड़ा गया
जयपुर। कस्टम विभाग ने जयपुर एयरपोर्ट पर गोल्ड तस्करी का एक और मामला पकड़ा है। चूरू जिले का रहने वाला यह युवक कॉस्मेटिक आइटम ब्यूटी क्रीम और मूव की 3 ट्यूब में छुपाकर 7 सोने की रॉड लेकर जयपुर पहुंचा था। इसे कस्टम विभाग की टीम ने पकड़ कर उसके पास से 145.26 ग्राम सोना बरामद किया है। इस बरामद सोने की मार्केट वैल्यू करीब 7 लाख 50 हजार 994 रुपए है। कस्टम अधिकारियों के अनुसार सोना की तस्करी करने के इस तरीके का यह जयपुर में पकड़ा गया पहला मामला बताया जा रहा है। जयपुर एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग की टीम द्वारा इस युवक को पकडने के साथ ही कस्टम की जयपुर एयरपोर्ट पर पिछले एक सप्ताह में ये तीसरी गोल्ड तस्करी के खिलाफ कार्रवाई है।
नहीं पकड़ पायी मुंबई में एक्सरे मशीन भी
कस्टम के असिस्टेंट कमिश्नर भारत भूषण ने बताया कि आरोपी युवक चूरू जिले का रहने वाला है। रविवार सुबह इंडिगो की फ्लाइट से दोहा से मुंबई पहुंचा था। मुंबई से फ्लाइट बदलकर वह एयर इंडिया से रविवार दोपहर 1.30 बजे जयपुर पहुंचा। यहां पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि पकड़े गए युवक के बैग को जब एक बार स्कैन किया गया तो मशीन में भी गोल्ड डिटेक्ट नहीं हाे रहा था। इसी कारण मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद फ्लाइट बदलने के समय भी उसको पकडा नहीं जा सका। पहले से इनपुट होने से यहाँ जब एक्सरे मशीन में गहनता से बैग की दोबारा जांच की, तो उसमें कुछ ब्लैक स्पॉट दिखाई दिए, तब तलाशी लेने पर उसमे से एक छोटी बाल्टी निकली, जिसमे चॉकलेट और कॉस्मेटिक आइटम रखे थे।
किसी परिचित ने दिए चॉकलेट और क्रीम की ट्यूब, उनमे निकला सोना
युवक ने बताया कि वह दोहा में मजदूरी का काम करता है। एक परिचित ने उसे यह बाल्टी दी थी। इसमें उसने चॉकलेट और कॉस्मेटिक क्रीम ले जाने के लिए दिए थे। बैग में निकले कॉस्मेटिक आइटम को नाइफ से काटा गया तो मामला खुल गया। उसमें गोल्ड रॉड के छोटे-छोटे टुकड़े बरामद हुए। युवक ने बताया कि वह दोहा में मजदूरी करता है। वहीं एक परिचित ने उसे यह बाल्टी दी थी, जिसमें उसने चॉकलेट और कॉस्मेटिक क्रीम ले जाने के लिए दिए थे। उसने बताया कि उसे मालूम नहीं था कि इस कॉस्मेटिक क्रीम की ट्यूब में गोल्ड रॉड पड़ी है। कस्टम अधिकारियों ने बताया कि क्रीम की ट्यूब में गोल्ड छुपाकर लाने का मामला हमने पहली बार जयपुर एयरपोर्ट पर पकड़ा है।
एक सप्ताह में सोने की तस्करी की तीसरी बड़ी कार्रवाई
कस्टम की जयपुर एयरपोर्ट पर पिछले एक सप्ताह में ये तीसरी गोल्ड तस्करी के खिलाफ कार्रवाई है। शनिवार को भी कस्टम ऑफिसर्स ने ट्रॉली बैग में छिपाकर लाए गए 2 किलो 170 ग्राम से ज्यादा का गोल्ड पकड़ा। इसकी मार्केट वैल्यू 1.12 करोड़ रुपए से ज्यादा है। इस मामले भी एक युवक को गिरफ्तार किया गया था। इससे पहले 11 जुलाई को बैंकॉक से आई 3 विदेशी युवतियों के पास से 1.80 किलो सोना जब्त किया गया था। पकड़े गए गोल्ड की कीमत 90.43 लाख रुपए थी।





