लाडनूं में चोरों और बदमाशों के हौसले बढे-
कार चालक युवक को दो गाड़ियों से घेर कर टक्करें मारी, किसी तरह बच कर भागने पर घर में घुस कर निकाला और लाठियों-सरियों से बुरी तरह पीटा,
बाकलिया के बस स्टेंड के पास आधा दर्जन बदमाशों ने की संगीन वारदात
लाडनूं (kalamkala.in)। क्षेत्र में कुछ समय से लगता है कि चोरों और बदमाशों के हौसले बहुत अधिक बढ़ चुके हैं। बाकलिया बस स्टेंड पर अपने वाहन में जा रहे एक युवक को दो बिना नम्बरी कैम्पर गाड़ियां आगे-पीछे लगा कर टक्कर मार कर जान से मारने की चेष्टा की गई। किसी तरह बच कर निकल भागने पर उसका पीछा दो बिना नम्बरी मोटर साइकिलों आदि से घर तक किया और फिर घर में घुसकर कमरे से खींच कर बाहर निकाल कर लाठियों और लोहे के सरियों से बुरी तरह मारा। बचाने आई उसकी माता को भी जमीन पर गिरा दिया और उसकी गाड़ी को भी तोड़ डाला। महिलाओं के चीखने-चिल्लाने पर लोग भाग कर आए तो वे बदमाश भाग गए।
घायल पुत्र के पिता ने दी पुलिस को रिपोर्ट
इस मामले की रिपोर्ट भंवरलाल ठोलिया (60) पुत्र हुकमाराम जाट उम निवासी बाकलिया ने लाडनूं पुलिस को दी है। रिपोर्ट में बताया गया है कि उसका पुत्र मंगल ठोलिया 28 जुलाई को अपनी कार गाडी संख्या आरजे 21 सीडी 1629 को लेकर लाडनूं से गांव बाकिलया आ रहा था। करीब 9.30 बजे रात को जब वह बाकलिया रटेंड पर पहुंचा तो, वहां पहले से योजनाबद्ध तरीके से तैयार मुलजिमानों ने उसको जान से मारने के इरादे से दो बिना नंबरी सफेद रंग की बोलेरो केंपर गाड़ियों को उसके एक पीछे से व मुल्जिम सुरेन्द्र पाल बिजारिणयां (बल्दू) ने सामने से उसके पुत्र की गाड़ी के जोरदार टक्कर मारी, लेकिन गाड़ी के एयरबेग खुल जाने से उसका बचाव हो गया। तब वह कार को रोककर घर की तरफ भागा। इस पर दो बिना नम्बरी मोटरसाईकिल सवार व दो अन्य मुलिजमान सुरेन्दपाल, नंदराम कालेरा (कासण), दिनेश बिड़ियासर (साण्डास की ढाणी) व गोपाल धेतरवाल (बल्दू) ने उसका पीछा किया और घर में घुसकर कमरे में से उसके पुत्र को उठाकर बाहर ले आये। उसी समय उसकी माता ने उसे छुड़वाने की कोशिश की, लेकिन उन लोगों ने उसको धक्का देकर गिरा दिया व उनके पुत्र के साथ सुरेंद्रपाल, नंदराम कालेरा, दिनेश बिडियासर व गोपाल धेतरवाल व एक अन्य ने संगीन मारपीट की व अन्य अभियुक्त गण ने पुत्र को पकड़ कर रखा। मारपीट लाठियों व लोहे के सरियों से की थी। इस पर उसके पुत्र की माता व उसकी पत्नी जोर-जोर से रोने व बचाने की आवाजें लगाने लगी। जिनको सुनकर आस-पड़ोस वाले आये, उनको देखकर मुलजिमान वहाँ से भाग गये व जाते-जाते गाड़ी के पास आकर गाड़ी को पूरी तरह तोड़ कर चले गये। इस घटना के तुरंत बाद उनके पुत्र ने थाने में टेलीफोन से सूचना दी थी। फिर उन्हें भी फोन किया। वे उस समय फलौदी जिले के आई गांव में थे। उनके पुत्र को ज्यादा चोटें होने के कारण वह पुलिस थाने नही जा पाया। उन्होंने आउ फलोदी से पहुंचकर फिर लिखित रिपोर्ट पुलिस को पेश की। इस रिपोर्ट को पुलिस ने धारा 115 (2), 126 (2), 324 (4), 331 (5), 189 (2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच सीआई महीराम बिश्नोई कर रहे हैं।







