भारी अनियमितताओं, झगड़ा-फसाद, मारपीट व मनमानी करने आदि आरोपों के चलते धोलिया गांव के स्कूल से प्रधानाचार्य नरेन्द्र जाखड़ को एपीओ कर जांच करवाने की मांग,
भाजपा के पूर्व प्रदेश सदस्य जगदीश सिंह ने दिया शिक्षामंत्री को ज्ञापन
लाडनूं (kalamkala.in)। तहसील के गांव धोलिया के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा राज्य सरकार विरोधी कार्य करने, मनमाने ढंग से विद्यालय प्रशासन चलाने, विद्यालय में मारपीट करने, मिड डे मील में गबन करने आदि बहुत सारे आरोपों के चलते तत्काल प्रभाव से उन्हें एपीओ करते हुए यहां से हटाए जाने और उनके विरुद्ध सक्षम व निष्पक्ष जांच करवाएं जाने की मांग को लेकर शिक्षा मंत्री को ज्ञापन दिया गया है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् (दिल्ली) के सदस्य एवं भाजपा प्रदेश सहकारिता प्रकोष्ठ के पूर्व संयोजक जगदीश सिंह एडवोकेट ने शिक्षा मंत्री को ज्ञापन देकर लाडनूं तहसील के धोलिया गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेन्द्र कुमार जाखड़ को तत्काल प्रभाव से एपीओ कर जांच करवाने की मांग की है।
प्रताड़ित करने से हुआ एक कर्मचारी को हृदयाघात
उन्होंने अपने ज्ञापन में लिखा है कि नरेन्द्र कुमार जाखड़ (RJNA199428006239) काफी समय से राजकीय उच्च माध्यमिक विधालय धोलिया में प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत है। इसके विरूद्ध पूर्व में भी शिकायतें की गई थी, जिनकी जाँच विचाराधीन है। इस अधिकारी ने विधालय में कार्यरत स्व. मनोहर सिंह चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को इतना प्रताड़ित किया कि व सदमे से हृदयाघात के कारण उसकी मृत्यु हो गई। हाल ही में 17 जुलाई को इस अधिकारी ने विद्यालय में कार्यरत वरिष्ठ सहायक जगदीशराम के साथ मारपीट की, जिसमें पदमाराम रिणवा व व्याख्याता जगदीश प्रसाद कलवानिया तीनों ने मिलकर मारपीट की। इससे जगदीशराम के चोट लगी। इस वरिष्ठ सहायक ने पुलिस थाना जसवंतगढ में इनके विरूद्ध मुकदमा दर्ज करवाया, जिसकी जाँच विचाराधीन है।
पोषाहार में किया भारी गड़बड़-घोटाला
आरोप लगाया गया है कि नरेन्द्र कुमार जाखड द्वारा विद्यालय में पोषाहार व अन्य प्राप्त होने वाली राशि में गबन किया जा रहा था तथा पोषाहार में अधिक राशि के बिल दे रहा था, जिसका ऐतराज वरिष्ठ सहायक जगदीशराम ने किया। इस पर नरेन्द्र कुमार जाखड़ ने जगदीशराम वरिष्ठ सहायक पर अनुशासनहीनता का गलत आरोप लगाकर 30 अप्रैल को विद्यालय से एपीओ कर दिया। जिस पर संयुक्त निदेशक (स्कूल शिक्षा) अजमेर ने 1 मई को नरेन्द्र कुमार जाखड़ प्रधानाचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया कि आपने क्षेत्राधिकार से बाहर जाकर बिना सक्षम स्वीकृति व पद का दुरूपयोग किया है, जगदीशराम को पुनः ड्यूटी ज्वॉनिंग करवाकर इस कार्यलय को सूचित करें तथा अपना स्पष्टीकरण 3 दिवस में भिजवायें।
सरकारी आदेशों के विरुद्ध कर रहा है मनमानी
इसी प्रकार राज्य सरकार ने कांग्रेस राज में लगे हुए डेपुटेशन अध्यापकों का आदेश निरस्त कर दिया था, लेकिन इस प्रधानाचार्य ने 15 माह तक बलबीर तृतीय श्रेणी अध्यापक को प्रतिनियुक्ति पर रखा, इसकी शिकायत आपको की गई, आपके निर्देशानुसार जिला शिक्षा अधिकारी डीडवाना ने बलबीर तृतीय क्षेणी अध्यापक को कार्यमुक्त करवाया। इस प्रकार नरेन्द्र कुमार जाखड प्रधानाचार्य की गतिविधियां इस विद्यालय के लिये सही नहीं है। इसके कार्यकलापों से विद्यालय का अधिकांश स्टाफ सकते में है। इससे बच्चों की पढाई पर बुरा असर पड़ रहा है। नरेन्द्र कुमार जाखड़ को एपीओ किये बिना इसके विरूद्ध लगे आरोपो की जाँच सही नहीं हो सकती। इसलिए इस प्रधानाचार्य को एपीओ करने के आदेश कर इस पर लगे आरोपों की विस्तृत जाँच करवाने के आदेश प्रदान करावें।







