ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटनाओं में 10-20 प्रतिशत तक कमी करने के लिए पुलिस विशेष प्रयास करें- राजेन्द्र सिंह आईजी,
पुलिस महानिदेशक ने किया लाडनूं सहित पूरे जिले के पुलिस कार्यालयों का भ्रमण व निरीक्षण,
अपराधों में रोकथाम व पुलिस व्यवस्था को चुस्त-दुरूस्त एवं जिम्मेदार बनाने के लिए दिए आवश्यक निर्देश
लाडनूं/डीडवाना (kalamkala.in)। पुलिस महानिरीक्षक (अजमेर रेंज) राजेन्द्र सिंह ने डीडवाना-कुचामन जिला क्षेत्र का भ्रमण करके सोमवार को विभिन्न पुलिस कार्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने डीडवाना में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में क्राइम मीटिंग आयोजित कर विभिन्न आवश्यक निर्देश प्रदान किए। बैठक में पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर ने आईजीपी को जिले की भौगोलिक स्थिति, अपराध की स्थिति, चुनौतियों के संबंध प्रस्तुतिकरण किया। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक राजेन्द्र सिंह ने सभी पुलिस अधिकारियों को कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं प्रभावी पुलिसिंग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। असईजी ने कहा कि नाबालिगों से जुड़े अपराधों, विशेषकर बलात्कार प्रकरणों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने यातायात व्यवस्था को लेकर बताया कि 185 मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत कार्यवाही प्रभावी ढंग से हो, ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटनाएं 10-20 प्रतिशत तक कम करने हेतु विशेष प्रयास किए जाएं, तेज गति वाले वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा यातायात नियमों का पालन कराने के लिए अधिकारियों द्वारा प्रभावी सुपरविजन किया जाए।
संगठित अपराधों एवं जुआ-शराब के माफियाओं पर हो अंकुश
पुलिस महानिरीक्षक ने प्रशासनिक बिंदुओं पर निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक कार्य में 100 प्रतिशत पारदर्शिता रखी जाए, थाना स्तर पर कांस्टेबल से लेकर थानाधिकारी तक सभी अपना उत्तरदायित्व जिम्मेदारी से निर्वहन करें। उन्होंने अभियान व विशेष कार्यवाही के लिए निर्देशित किया कि एनडीपीएस अधिनियम के तहत नशीले पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, प्रदेश में एम.डी.एम.ए. (नशीला पदार्थ) का नया रुझान देखा गया है, जिस पर सतर्कता बढ़ाई जाए तथा संगठित अपराध, जुआ, सट्टा एवं अवैध शराब माफिया पर लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहे।
पुलिस व्यवस्था व कार्रवाई में रहे पूरी पारदर्शिता
आईजीपी द्वारा क्राइम मीटिंग में दिए गए अन्य निर्देशों में बताया गया कि थाना प्रभारी अपने थाने के बीट कांस्टेबलों को रोस्टर प्रणाली से नियमित रूप बीट में भ्रमण के लिए भेज कर बीट क्षेत्र की समस्याओं एवं अवैध गतिविधियों की जानकारी एकत्रित करवा कर उन पर उचित कार्रवाई करें एवं बीट कांस्टेबल अपने क्षेत्र में सतत गश्त कर अपराधियों पर निगरानी रखें। प्रत्येक उच्च अधिकारी अपने सेक्टर या वृत के थानों की साफ-सफाई, बैरक व्यवस्था तथा रोजनामचा-आम की नियमित रूप जांच करें, पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य को अपनी जिम्मेदारी का ज्ञान हो और कार्य में ईमानदारी, पारदर्शिता व संवेदनशीलता से कार्य सुनिश्चित किया जावे। इस बैठक में सभी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक एवं थानाधिकारियों ने भाग लिया।
लाडनूं सहित सभी थानों, वृत कार्यालयों आदि का किया निरीक्षण
इससे पूर्व पुलिस महानिरीक्षक ने राजेन्द्र सिंह ने लाडनूं में पुलिस थाना लाडनूं, उप पुलिस अधीक्षक कार्यालय लाडनूं एवं थाना निम्बी जोधां का भ्रमण किया। इनके अलावा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय परबतसर, तत्पश्चात पुलिस थाना परबतसर, वृत कार्यालय मकराना, पुलिस थाना मकराना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय कुचामन, उप पुलिस अधीक्षक कार्यालय कुचामन तथा थाना कुचामन का औचक निरीक्षण किया। उनके पुलिस अधीक्षक कार्यालय, डीडवाना-कुचामन पहुंचने पर उन्हें गार्ड द्वारा सलामी दी गई।









