लाडनूं में लोगों की जमे रहने की जिद रहेगी जारी, चोरों को पकड़े जाकर माल बरामदगी तक डटे रहेंगे तहसील के सामने,
हीरावती गांव की चोरी को लेकर तहसील के समक्ष ग्रामीणों का धरना, दूसरे दिन भी रहा जारी

लाडनूं (kalamkala.in)। लाडनूं क्षेत्र में हुई करोड़ों की चोरियों और विशेषकर हीरावती गांव में नौ दिन पूर्व हुई एक करोड़ की चोरी के मामले का कोई खुलासा नहीं किए जाने को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों द्वारा यहां पुलिस थाने के सामने लगाया जा रहा धरना मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। चोर पकड़े जाकर माल की बरामदगी तक तहसील के सामने धरना जारी रखने का निर्णय लिया गया है। मंगलवार को धरने के दूसरे दिन जिला कलेक्टर के नाम का एक ज्ञापन ग्रामीण धरनार्थियों ने यहां तहसीलदार को सौंपा। सोमवार को पुलिस थाने के सामने जुटे ग्रामीण अब तहसील के सामने अनिश्चितकालीन धरना जारी रखेंगे।
तहसीलदार को ज्ञापन देकर धरना जारी रखने की दी चेतावनी
इससे पहले सोमवार को पुलिस उप अधीक्षक विक्की नागपाल, थानाधिकारी महीराम बिश्नोई वगैरह के समक्ष ग्रामीण अड़ गए थे कि एसपी स्वयं धरना स्थल पर आए, तभी ज्ञापन दिया जाएगा। इस पर एडिशनल एसपी हिमांशु शर्मा ने डीडवाना से पहुंच कर धरनार्थियों से ज्ञापन प्राप्त किया था। मंगलवार को उन्होंने
जिला कलेक्टर के नाम का ज्ञापन यहां तहसीलदार को सौंपा। इस ज्ञापन में बताया गया है कि लाडनूं तहसील के ग्राम हिरावती व आस पास के क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं के सम्बन्ध जांच कर चोरों को पकड़ने व माला बरामद करने तक धरना जारी रखने की सूचना दी गई है। ज्ञापन में बताया गया है कि 31 अगस्त को रात्रि को ग्राम हिरावती तहसील लाडनूं व आस पास के क्षेत्र में करीब 4 जगह चोरी की घटनाएं हुईं, जिसमें करीब डेढ़ करोड़ रूपये के सोने-चांदी के गहने तथा नकदी रूपयों की चोरी हुई है। इस बाबत् पुलिस थाना लाडनू में एफ. आई. नम्बर 149/25 दर्ज है। घटना के 10 दिन बीत जाने के बावजूद अभी तक कोई सन्तोषप्रद कार्यवाही पुलिस द्वारा नहीं की गई है। जिसके कारण क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश है। परिणाम स्वरूप 8 सितम्बर को हजारों की संख्या में लोगों ने पुलिस थाना लाडनू के सामने धरना दिया। तत्पश्चात एडिशनल एस.पी डीडवाना द्वारा घटनास्थल पर आकर आगामी 8 दिनों में चोरों को पकड़ने व माल बरामदगी का आश्वासन दिया गया। अब चोरों को पकड़ने व चोरी का माल बरामदगी तक तहसील परिसर लाडनूं के सामने क्रमिक धरना जारी रखने का निर्णय लिया गया।अतः चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने व चोरों को पकड़कर माल बरामदगी की कार्यवाही यथाशीघ्र करवाने के निर्देश पुलिस विभाग को दें तथा प्रभावित लोगों को राहत दिलवाएं।
इन सब लोगों ने दिया ज्ञापन
ज्ञापन देने वालों में देवाराम पटेल, आलोक घिंटाला, किशनलाल डूडी, गणेशराम चबराल, विकास बुरड़क, रामचंद्र दास स्वामी, अयूब खां मोयल, मनोज नाई हीरावती, चैनाराम सिकराली, मोहन जाट, भगवानाराम, रामकुंवार सिकराली, जेठूदास स्वामी, प्रेमदास स्वामी, प्रेमाराम डूडी, प्रकाश डूकिया, तिलोकचंद डूडी, मूलाराम डूडी, भंवरलाल, हेमाराम आदि मौजूद रहे। इस अवसर पर सबने नारेबाजी भी की।





