योगी संत पूर्णानंद महाराज की बरसी पर साधु आश्रम दुजार में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़


लाडनूं (kalamkala.in)। क्षेत्र के प्रसिद्ध साधु आश्रम (कुटिया) दुजार में सुप्रसिद्ध संत पूर्णानंद जी महाराज की बरसी पर एक दिवसीय भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र से श्रद्धालुओं की भीड़ दिनभर कुटिया पर उमड़ती रही। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक साधु-संतों व भजन गायकों ने अपनी भक्ति वाणी से सबको धार्मिक वातावरण से ओतप्रोत कर दिया। यहां दिन भर हरी कीर्तन, भजनादि और भंडारा चलता रहा। विख्यात साहित्यकार रामकुमार तिवाड़ी ने इस अवसर पर संत पूर्णानंद महाराज के जीवन परिचय, उनके कर्तव्य-कर्मों एवं विचारों की जानकारी दी। जर्नलिस्ट एसोसिएशन आफ इंडिया के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. जगदीश यायावर ने संत पूर्णानंद जी महाराज के पूर्व में ओमप्रकाश होने, आर्यसमाजी विचारधारा के होने, योग साधना में श्रेष्ठ होने, लाठी संचालन में दक्ष होने आदि के बारे में बताया। इस अवसर पर पाबोलाव सिद्ध हनुमत् पीठ के महंत संत कमलेश्वर भारती, संत मघाराम, साध्वी मगी बाई, रामप्रसाद बालसमंद, बजरंग स्वामी, राजाराम स्वामी, संतोष स्वामी, रीयल हेल्प ब्यूरो की महिला प्रदेशाध्यक्ष पार्षद सुमित्रा आर्य, संतोष देवी समना, अनूप तिवाड़ी व लाडनूं व क्षेत्र के कई गांवों के श्रद्धालुजन मौजूद रहे।







