क्षेत्र में चोरों का अंतर्राज्यीय गिरोह ‘मोग्या गैंग’ सक्रिय, मकानों के पीछे की खिड़की- जंगला तोड़ कर चुराते हैं नकदी व आभूषण,
लाडनूं पुलिस ने किया खुलासा, मोग्या गैंग का एक नाबालिग सदस्य पकड़ा गया, उसकी निशानदेही पर बरामद किए सोने के आभूषण, अन्य की तलाश जारी
लाडनूं (kalamkala.in)। तहसील के ग्राम हीरावती की चोरियों को लेकर ग्रामीणों में फैले भारी रोष के बीच पुलिस अपनी अनुसंधान कार्रवाई में जुटी रही और अंततोगत्वा चोरी में शामिल गिरोह का पता लगाने में कामयाब रही। स्थानीय पुलिस ने इन चोरियों में शामिल अन्तर्राज्यीय गिरोह ‘मोग्या गैंग’ के एक नाबालिग सदस्य को पुलिस से निरुद्ध करके उसकी निशानदेही से चोरी के सोने के आभूषणों की बरामदगी भी की है। यह मोग्या गैंग मकानों के पीछे की खिड़की-जंगलों को तोड़कर, निकाल कर अंदर घुसते हैं और नकद राशि व आभूषणों की चोरियां करते हैं। पुलिस अभी इस गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है। इधर तहसील व पुलिस थाने के सामने ग्रामीणों का धरना जारी है।
अलग-अलग थानों में 16 मामले हैं इस बार अपचारी के विरुद्ध
लाडनूं पुलिस द्वारा पकड़ कर निरुद्ध किए गए इस विधि से संघर्षरत बालक ने जिला डीडवाना, नागौर व सुजानगढ़, जयपुर शहर में कई वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। इस क्षेत्र में इस निरुद्ध बालक व उसके साथियों द्वारा की गई अन्य वारदातों में 30 अगस्त को रात्रि में पुलिस थाना थांवला में नकबजनी, 31 अगस्त को ग्राम हिरावती थाना लाडनूं में गणेश सिंह के मकान में नकबजनी, 31 अगस्त को ग्राम खारा थाना साण्डया में नकबजनी की वारदातें शामिल हैं। इस गैंग के निरुद्ध किए गए सदस्य बालक के विरुद्ध 16 मामले विभिन्न पुलिस थानों में दर्ज हैं। चोरी, नकबजनी, लूट 16 प्रकरण इसके खिलाफ दर्ज है और उनमें यह वांछित है। इन मामलों में डिग्गी (टोंक) में 2 मामले, टोडा रायसिंह (टोंक) में 1, केकड़ी शहर (अजमेर) में 1, मालपुरा (टोंक) में 1, मोर (टोंक) में 4, महेंद्रवास (टोंक) में 3, कोलला (दौसा) में 1, थांवला (नागौर) में 1, लाडनूं (डीडवाना-कुचामन) में 1 और सुजानगढ सदर (चूरू) में 1 प्रकरण है।लाडनूं पुलिस ने अपने क्षेत्र की वारदात में बड़ी मशक्कत के बाद इस आरोपी को दबोचा है और ग्राम हीरावती में 31 अगस्त की रात्रि को हुई नकबजनी की वारदातों का खुलासा किया है तथा उसकी निशादेही से प्रकरण में चुराये गये माल में से सोने के आभूषण किये गये हैं।
लगातार दबिशें देकर पकड़ा मोग्या गैंग का एक सदस्य
लाडनूं के हीरावती में हुई वारदात के सम्बन्ध में 1 सितमू को किशनलाल डूडी जाति जाट ने एक लिखित देकर बताया कि कल रात्रि करीब 1 बजे के लगभग उसके भतीजे नन्दलाल के हिरावती स्थित रहवासी मकान में वे सदैव की भांति सो रहे थे। सुबह करीब 5.30 बजे नन्दलाल की पत्नी गंगा देवी जागी, तो पता चला कि उनके अन्दर के कमरे में से सोने-चांदी के जेवरात, नगदी कुल 9 लाख 63 हजार रूपये व करीब 63 भरी सोने व 80 भरी चांदी के जेवरात अज्ञात चोर चुरा कर ले गये। इस रिपोर्ट पर मुकदमा नं-149/2025 अन्तर्गत धारा-331 (4) 305 (A) बीएनएस में दर्ज कर अनुसंधान प्रारम्भ किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुये पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर ने एक विशेष टीम का गठन किया। टीम द्वारा लगातार दिन-रात मेहनत करते हुए, फील्ड इन्टेलीजेन्स एवं आसूचना संकलन कर संदिग्ध स्थानों के सीसीटीवी फुटेज चैक किये गये, तकनीकी सहायता से ऐसी वारदातें मोग्या गैंग के द्वारा करना पाया गया। टीम द्वारा मोग्या गैंग के ठिकानों पर लगातार दबिश दी जाकर विधि से संघर्षरत एक बालक को निरूद्ध किया गया। इस बालक की निशादेही से प्रकरण में चुराया गये सोने के आभूषण भी बरामद किये गये हैं। घटना में संलिप्त अन्य मुलजिमान की तलाश के लिए विशेष टीम द्वारा लगातार संभावित ठिकानों पर दबिशें दी जा रही है और पूरी पड़ताल की जा रही है।
इस पुलिस टीम ने किया खुलासा, डीएसटी टीम व टोंक पुलिस का मिला सहयोग
इस पूरे प्रकरण में एसपी श्रीमती ऋचा तोमर (आई.पी.एस.) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीडवाना हिमांशु शर्मा तथा वृताधिकारी विक्की नागपाल के निकटतम सुपरविजन में लाडनूं थानाधिकारी महिराम विश्नोई (पुलिस निरीक्षक) के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम देकर चोरी का खुलासा किया। इस टीम में थानाधिकारी महीराम विश्नोई के साथ डीडवाना के डीएसटी प्रभारी राजेश कुमार, डीएसटी डीडवाना के कांस्टेबल सुरेन्द्र सिंह, सुशील कुमार, पवन कुमार व रिछपाल, साइबर सैल डीडवाना के हेड कांस्टेबल प्रेमप्रकाश, लाडनूं के सहायक उप निरीक्षक पर्वत सिंह, कांस्टेबल किशोर, सुखाराम, अब्दुल शाकिर, धर्मेन्द्र व विक्रम तथा महिला कांस्टेबल किरण शामिल रही। इसमें जिला पुलिस टोंक का पूरा योगदान मिला तथा इस कार्रवाई में डीएसटी टीम डीडवाना के कांस्टेबल रिछपाल का विशेष योगदान रहा।




