आधार केन्द्रों पर निर्धारित दरों से अधिक राशि लेने पर होगी कारवाई- जिला कलक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत,
जिला कलक्टर की अध्यक्षता में आयोजित हुई जिला आधार मॉनिटरिंग समिति की बैठक

डीडवाना (kalamkala.in)। जिला स्तरीय आधार मॉनिटरिंग समिति की बैठक सोमवार को जिला कलक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आधार सम्बंधित कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई और आमजन को सुगम और पारदर्शी आधार सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। बैठक में जिला कलक्टर डॉ. खड़गावत ने जिले में आधार नामांकन, अद्यतन एवं अन्य सम्बंधित सेवाओं को समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही विभागीय समन्वय को अधिक प्रभावी बनाने तथा नागरिकों की सुविधा के लिए नवीन उपाय अपनाने पर भी जोर दिया।
स्थापित होंगे नए आधार केन्द्र
उन्होंने प्रत्यक पंचायत समिति स्तर, ग्रामीण स्तर एवं नगर निकाय क्षेत्र में नये आधार केन्द्र स्थापित करने, जिले में 18 वर्ष के व्यक्तियों के लिए आधार मशीन अन्य ब्लॉक पर स्थापित करने के सम्बंध में आवश्यक कार्यवाही करने हेतु सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग को निर्देशित किया।
आधार कार्ड सम्बंधी अनधिकृत दरों पर होगी सख्त कार्रवाई
इस दौरान जिला कलक्टर ने आमजन से भी अपील की कि वे आधार सेवाओं की निर्धारित दरों से अवगत रहें और केवल उन्हीं के अनुसार भुगतान करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी अतिरिक्त अथवा अनाधिकृत राशि की वसूली करने वालों पर सख्त कार्यवाही की जायेगी। साथ ही अतिरक्त पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया कि जिले में आधार से सम्बंधित शिकायतों को गम्भीरता से लेकर आवश्यक कार्यवाही की जावे।
आधार कार्ड सम्बंधी नवीन निर्धारित दरें
इस दौरान सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग के उपनिदेशक शिवराज सोनी ने आधार कार्यों से संबंधित नई शुल्क सूची-
(01 अक्टूबर 2025 से 30 सितंबर 2028 तक)
के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि-
@ नया आधार बनवानाः- निःशुल्क,
@ अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (5-7 और 15-17 साल) निःशुल्क,
@ अन्य बायोमेट्रिक अद्यतन 125 रूपये,
@ डेमोग्राफिक अद्यतन 75 रूपये,
@ दस्तावेज अद्यतन 75 रूपये तथा
@ आधार सर्च और प्रिंटआउट 40 रुपये है।
बैठक में ये सब रहे उपस्थित
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर मोहनलाल खटनावलिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा, एनालिस्ट-कम-प्रोग्रामर (उपनिदेशक), सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग शिवराज सोनी, डाक विभाग से राज चौधरी, उपनिदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग से ओमप्रकाश, जिला समाज कल्याण विभाग से जयपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।






