एसआईआर का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 पूरे जिले में हुआ शुरू, घर-घर जाने लगे हैं बीएलओ,
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. महेंद्र खड़गावत ने की जिले के मतदाताओं से सहयोग की अपील
डीडवाना (kalamkala.in)। जिले में मंगलवार से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत बीएलओ घर-घर जाकर सर्वेक्षण का काम शुरू कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. महेंद्र खड़गावत ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे परिगणना प्रपत्र भरने में बी.एल.ओ. का सहयोग करें तथा पिछले विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित जानकारी यथासंभव उपलब्ध कराएं, ताकि उनकी मैपिंग पूर्ववर्ती मतदाता सूची से की जा सके। उन्होंने बताया कि 4 नवबंर से 4 दिसंबर तक की यह अवधि काफी अहम है, क्योंकि इसमें सभी बीएलओ मतदाताओं के घर-घर पहुंचकर उनसे 2 प्रतियों में गणना प्रपत्र भरवाएंगे, जिसमें से एक प्रति रसीद के तौर पर मतदाता के पास ही रहेगी। जिले में 13 लाख 63 हजार 676 मतदाता हैं, इनकी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत बूथ लेवल अधिकारियों के द्वारा गणना प्रपत्र भरवाकर जांच की जानी है।
सभी मतदाता अपनी नवीनतम रंगीन फोटो रखें
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खड़गावत ने बताया कि बीएलओ घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाता को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे और उसे भरने में सहायता भी करेंगे। प्रपत्र में मतदाता को जन्म तिथि, आधार संख्या (वैकल्पिक), पिता या अभिभावक का नाम व ईपिक नंबर (वैकल्पिक), माता का नाम व ईपिक नंबर (वैकल्पिक), मोबाइल नंबर जैसी मूल जानकारियां भरनी होंगी। इसके साथ ही एक नवीनतम रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो चिपकानी होगी। गणना प्रपत्र में ही विगत एसआईआर की मतदाता सूची से वर्तमान मतदाताओं की सूचनाएं लेकर भरी जानी हैं। जिन मतदाताओं का स्वयं का नाम विगत एसआईआर में शामिल नहीं है, किंतु उनके रिश्तेदार जैसे माता-पिता/ दादा-दादी / नाना-नानी आदि का नाम शामिल है, तो गणना प्रपत्र में उक्त रिश्तेदार का विवरण भरा जाकर मैपिंग की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में अब तक 67.87 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूर्ण की जा चुकी है। परिगणना अवधि के दौरान जिन मतदाताओं की मैपिंग पूर्व विशेष पुनरीक्षण से हो जाएगी, उन्हें किसी अतिरिक्त दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी।जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खड़गावत ने जिले के सभी मतदाताओं से आग्रह किया है कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान अपना पूर्ण सहयोग प्रदान कर निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू एवं सफल बनाने में सहभागी बनें।





