आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ की गई सिवरेज पर चर्चा, बताए उपयोग, प्रभाव और लाभ

लाडनूं (kalamkala.in)। लाडनूं में सीवरेज के कार्य कर रही राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना के सामुदायिक जागरूकता एवं जन सहभागिता कार्यक्रम के तहत अधीक्षण अभियंता नेमीचंद पंवार और अधिशासी अभियंता ओम प्रकाश साहू के निर्देशानुसार एवं सहायक अभियन्ता रियाज अहमद के मार्गदर्शन में सीडीपीओ कार्यालय पर कार्यकर्ताओं को सीवरेज परियोजना के फायदे बताते हुए सीवरेज और स्वच्छता पर चर्चा की गई। कैप रुडीप के असलम खान ने परियोजना की जानकारी देते हुए बताया कि गंदे पानी का ठहराव होने के कारण अनेक बीमारियां होती हैं, जैसे मलेरिया, उल्टी दस्त, वायरल बुखार आदि, जो हमें प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से परेशान करती हैं। इसलिए, आप सभी सीवर परियोजना में सकारात्मक सहयोग देवें और कनैक्शन के समय कनैक्शन करवाएं, ताकि गंदे पानी से फैलने वाली बीमारियों से छुटकारा मिल सके। सीवर लाईन में किसी प्रकार का कचरा, ठोस पदार्थ या प्लास्टिक या सेनेटरी नेपकीन, बच्चों के डाइपर आदि इसमें प्रवाहित न करें, इस बात को लेकर वार्ड की महिलाओ को भी जागरूक करें। इससे सिवरेज चौक होती है और जाम भी हो जाती है। इससे पानी का बहाव रुक जाता है। इसलिए सभी लोगों को स्नानघर में स्टील की जाली लगा कर रखनी चाहिए, ताकि शैंपू के पाउच अंदर न जा पाएं और सीवर में रुकावट नहीं आने पाए और सुचारू रूप से चलती रहे। उन्होंने बताया कि सीवरेज का पानी शहर से दूर ले जाकर उपचारित कर के किसानों को, नगरपालिका के पार्कों को दिया जाएगा, जिससे नगर पालिका को आय होगी, जो शहर के विकास में काम आएगी। उन्होंने कहा कि बारिश का पानी सीवरेज में नहीं डालें, वर्षा जल घरों में बने पानी के टैंक में संग्रह करें, अन्यथा बाहर ड्रेनेज में छोड़ें।आंगनबाड़ी महिला पयर्यवेक्षक दिशा चौहान ने कार्यकर्त्ताओं से कहा कि कर्म ही पूजा है। साथ ही स्वछता को लेकर उन्होंने आह्वान किया कि घरों से निकलने वाला कचरा नगर पालिका द्वारा भेजे गए वाहन में ही डालें, जिससे मोहल्ला साफ-सुथरा रहे। यह हम सब की ज़िम्मेदारी है। अपने आस-पास साफ-सफाई रखें औऱ सभी वार्डवासियों को भी प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ रखने में सभी सहयोग करें। आप सभी महिलाएं अपने अड़ोस-पड़ोस में भी स्वच्छता की मुहिम चलाएं। एसओटी रामकिशोर सहित सावित्री देवी, प्रेमलता, तरन्नुम, ललिता शर्मा, चंद्रकला, शबाना सहित अन्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने समूह चर्चा में भागीदारी की।






