पुलिस ने आम लोगों से समस्याएं सुनी और की अपराधों की रोकथाम में सहयोग की अपील,  लाडनूं के मंगलपुरा और मकराना के बुड़सू में ‘पुलिस जन सहभागिता’ शिविरों का आयोजन

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

पुलिस ने आम लोगों से समस्याएं सुनी और की अपराधों की रोकथाम में सहयोग की अपील, 

लाडनूं के मंगलपुरा और मकराना के बुड़सू में ‘पुलिस जन सहभागिता’ शिविरों का आयोजन

लाडनूं/ डीडवाना (kalamkala.in)। जिला पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर के निर्देशन में लाडनूं पुलिस थाना क्षेत्र के ग्राम मंगलपुरा और मकराना थाना के बुड़सू गांवों में जन-सहभागिता शिविरों का आयोजन किया गया। ये पुलिस जन सहभागिता कार्यक्रम राजस्थान पुलिस प्राथमिकताएं 2026 के अंतर्गत आयोजित किए गए। जिले में पुलिस एवं आमजन के बीच संवाद एवं सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर इन पुलिस जन सहभागिता के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिस द्वारा आमजन की समस्याओं को सुनने, अपराधों की रोकथाम में जन सहयोग प्राप्त करने तथा समाज में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने के सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में महिला सुरक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी देते हुए महिला आत्मरक्षा केंद्रों की उपयोगिता के बारे में बताया गया है।

‘राजकॉप सिटीजन’ एप डाउनलोड करवाई

लाडनूं पुलिस थाना के मंगलपुरा गांव के पंचायत भवन में वृताधिकारी लाडनूं जितेन्द्र सिंह मीणा की उपस्थिति एवं नेतृत्व में लाडनूं थाना पुलिस द्वारा पुलिस जन सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा आमजन से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनी गई तथा समाज में अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस के साथ सहयोग करने का आह्वान किया गया। बैठक में उपस्थित लोगो को महिला सुरक्षा, यातायात नियमों की पालना, साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया पर जिम्मेदार व्यवहार तथा नवीन आपराधिक कानूनों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त नशा मुक्ति के महत्व के बारे में बताते हुए युवाओं एवं आमजन को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर राजकोप सिटीजन ऐप के विभिन्न फीचर्स के बारे में भी आमजन को जानकारी दी गई तथा मौके पर ही लोगों को ऐप डाउनलोड करवाकर उसके उपयोग की प्रायोगिक जानकारी दी गई, जिससे नागरिक पुलिस सेवाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम में लगभग 50 ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

संदिग्ध व्यक्ति व गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें

इसी तरह अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक परबतसर की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में तथा वृताधिकारी मकराना के नेतृत्व में थाना मकराना पुलिस द्वारा ग्राम पंचायत बूडसु के पंचायत भवन में पुलिस जन सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने गए तथा स्थानीय स्तर पर कानून-व्यवस्था से संबधित विषयों पर चर्चा की गई।बैठक के दौरान आमजन को अपराधों की रोकथाम में पुलिस का सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया तथा महिला सुरक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी देते हुए महिला आत्मरक्षा केंद्रों की उपयोगिता के बारे में बताया गया। इसके साथ ही यातायात नियमों की पालना, साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया का जिम्मेदार एवं संयमित उपयोग, नवीन आपराधिक कानूनों की जानकारी तथा नशा मुक्ति के संबंध में भी लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अपने आसपास संदिग्ध व्यक्तियों एवं अवैध गतिविधियों पर नजर रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, जिससे समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। कार्यक्रम में लगभग 40 ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

आमजन पुलिस के साथ समन्वय बनाएं

डीडवाना-कुचामन पुलिस की अपील है कि आमजन पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखे, कानून एवं यातायात नियमों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, जिससे जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

kalamkala
Author: kalamkala

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पड़ गई

शहर चुनें

Follow Us Now