बरसात के पानी को सिवरेज लाईन में नहीं डालें – असलम खान
लाडनूं में महिला लक्षित समूह का जागरुकता कार्यक्रम आयोजित

लाडनूं (kalamkala.in)। राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (रूडिप) के सामुदायिक जागरूकता एवं जनसहभागिता कार्यक्रम के अंतर्गत लाडनूं के व्यापारियों के मोहल्ले में महिलाओं के लिए सीवरेज परियोजना एवं स्वच्छता विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अधीक्षण अभियंता नेमीचंद पंवार एवं अधिशासी अभियंता ओम प्रकाश साहू के निर्देशन तथा सहायक अभियंता रियाज अहमद के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में कैप के असलम खान ने महिलाओं को सीवरेज परियोजना की उपयोगिता एवं महत्व की विस्तार से जानकारी दी।
सभी घरों में करवाएं नि:शुल्क सिवरेज कनेक्शन
असलम खां ने बताया कि लाडनूं शहर में सिवरेज कनेक्शन का कार्य किया जा रहा है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह कनेक्शन के समय अपने घर का सीवरेज कनेक्शन करवायें, जिससे शहर स्वच्छ औऱ सुंदर बने। उन्होंने महिलाओं को यह भी बताया कि सीवरेज कनेक्शन के लिए रूडिप द्वारा किसी प्रकार का कोई आवेदन शुल्क नहीं रखा गया है। सभी घरेलू कनेक्शन के लिए किसी प्रकार की कोई भी राशि नहीं देनी है।
सुझाव के लिए करें टोल फ्री नम्बर का प्रयोग
उन्होंने इसके साथ ही बताया कि किसी भी प्रकार के सुझाव के लिए टोल फ्री नंबर 1800 212 2300 से अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि सीवेरेज लाइन में किसी भी प्रकार का ठोस कचरा, प्लास्टिक, सेनेटरी नेपकिन, बच्चों के डायपर अथवा अन्य अपशिष्ट न डालें, क्योंकि इससे सीवरेज लाइन अवरुद्ध हो जाती है और जाम की समस्या उत्पन्न होती है।उन्होंने घरों के स्नानघरों के नालों पर स्टील की जाली लगाने की अपील की, जिससे शैम्पू पाउच एवं अन्य ठोस पदार्थ सीवरेज लाइन में प्रवेश न कर सकें और व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो। कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि सीवरेज जल को शहर से बाहर स्थित ट्रीटमेंट प्लांट में उपचारित किया जाएगा, जिसका उपयोग किसानों द्वारा सिंचाई हेतु तथा नगरपालिका द्वारा पार्कों एवं हरित क्षेत्रों में किया जाएगा। इससे न केवल जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा बल्कि नगरपालिका की आय में भी वृद्धि होगी, जो शहर के विकास में सहायक सिद्ध होगी।
वर्षा जल संग्रहित करें, सिवरेज में नहीं बहाएं
कार्यक्रम के दौरान यह भी स्पष्ट किया गया कि वर्षा जल को सीवरेज लाइन में प्रवाहित न करें, बल्कि इसे घरों में बने टैंकों में संग्रहित करें अथवा पृथक ड्रेनेज व्यवस्था के माध्यम से निकासी करें। आंगनबाड़ी कार्यकर्त्ता सावित्री शर्मा ने कहा कि स्वच्छता एक अच्छी आदत ही नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि घरों से निकलने वाले कचरे को नगर पालिका द्वारा भेजे गए वाहनों में ही डालें तथा अपने घर और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखें। साथ ही उन्होंने महिलाओं से आग्रह किया कि वे अपने पड़ोस एवं समुदाय में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाएं। कार्यक्रम में एस.ओ.टी. रामकिशोर सहित साजिया, जेतुन, कमला, फलक, नजराना, मंजू एवं क्षेत्र की अन्य महिलाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।







