नारी शक्ति को ललकारने वाले नेस्तोनाबूद हो जाएंगे- सुमित्रा आर्य,
नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर कड़ी प्रतिक्रिया
लाडनूं (kalamkala.in)। रीयल हेल्प ब्यूरो की महिला प्रदेशाध्यक्ष एवं भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष सुमित्रा आर्य ने संसद में नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम के खिलाफ बोलने वाली सभी राजनैतिक पार्टियों को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में यह एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा था, जिसे इन विपक्ष के महिला विरोधी दलों ने अड़ंगी डाल कर रोक दिया। उन्होंने इसे पूरे देश की समस्त महिलाओं का अपमान बताया और कहा कि यह अपमान हमेशा याद रखा जाएगा। चाहे कोई भी चुनाव हो और कोई भी अन्य अवसर महिलाएं इस अपमान को सदैव ध्यान में रखेंगी। नारी शक्ति वंदन अधिनियम जहां देश की आधी आबादी को उनका हक दिलाने के लिए था, वहीं उनके इस हक को विरोध करके छीन लिया गया है। यह परोसी हुई भोजन की थाली को सामने से हटाने जैसा है। सारी महिलाएं इन लोगों के रवैये से हक्की-बक्की रह गई हैं। आर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बिल्कुल सही कहा है कि जिस-जिसने इस महिला आरक्षण का विरोध किया है, उनका हाल बुरे से बुरा होगा, यह निश्चित है। महिलाओं को सिर्फ 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाना था, वह भी इन विपक्षी दलों को स्वीकार नहीं है और तरह-तरह की बहानेबाजी और अड़ंगेबाजी करने में लग गए। इससे इनकी चाल, चेहरा और चरित्र खुल कर सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, आरजेडी, डीएमके आदि पार्टियों ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के गिरने पर खुशियां मना कर देश की महिला शक्ति को ललकारा है। महिला शक्ति इन सबको नेस्तोनाबूद कर देगी।







