सुजला तिराहे पर हुई चाकूबाजी और मर्डर मामले में परिजन और समाज के लोग हत्यारों की गिरफ्तारी पर अड़े, पुलिस ने दो नाबालिगों को लिया पूछताछ के लिए हिरासत में,
लाडनूं के राजकीय अस्पताल में मोर्चरी के समक्ष धरना-प्रदर्शन जारी, ज्ञापन सौंप कर दिया अपना मांगपत्र, हत्यारों के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट दर्ज




लाडनूं (kalamkala.in)। लाडनूं के सुजला तिराहे पर हुए मर्डर के मामले में जसवंतगढ़ पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इधर मृतक युवक के परिजनों और सुजानगढ़ व लाडनूं के तेली समाज के लोगों ने अस्पताल परिसर में हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं। धरनार्थियों की मांग है कि सरफराज के हत्यारों को गिरफ्तार किया जाकर उनके सामने लाया जाए। इसके बाद ही वे लोग शव को वहां से उठाएंगे। लोगों ने उपखंड अधिकारी को अपना विभिन्न मांगों का मांगपत्र भी सौंपा है।अस्पताल परिसर में मोर्चरी के समक्ष धरने पर लाल मोहम्मद, राजा बड़गूजर, अब्दुल गफूर, रूपाराम गोरा, मोहम्मद सलीम, अब्दुल हमीद दईया, एडवोकेट हरीश मेहरड़ा, मो. मुश्ताक़ खां कायमखानी, विधायक प्रतिनिधि सुरजाराम भाकर, लाल मोहम्मद खिंची, बिलाल खिंची, सादिक दहिया, रफीक, अरसद पडि़यार, असलम बड़गुजर, हसन मोहम्मद, जाकिर हुसैन, परवेज खान, सलीम दहिया, इरशाद, अब्दुल सत्तार, मुंशी, इम्तियाज, रफिक, रामकरण जाट, वीरेन चोबदार आदि बड़ी संख्या में समाज के लोग धरने पर बैठे हैं।
मृतक युवक के चाचा ने दी पुलिस को हत्या की नामजद रिपोर्ट
इधर पुलिस को मृतक सरफराज के चाचा ने पुलिस को वारदात के विवरण सहित एक रिपोर्ट देकर कार्यवाही की मांग की है। मृतक के चाचा लाल मोहम्मद पुत्र इस्माइल तेली निवासी चाँद नगर सुजानगढ़ ने पुलिस को दी गई अपनी रिपोर्ट में बताया है कि उसका भतीजा सरफराज के साथ अरबाज, फैजान, ईशान नावेद व अन्य लडकों की रंजिश चल रही थी। 23 अप्रेल को रात्रि करीब 10:30 बजे उसका भतीजा जसवंतगढ़ में एक दावत में गया हुआ था। दावत से लौटते समय जब वह सुजला चौराहे पर पहुंचा, तो वहां अरबाज व उसके दोस्तों ने उसके भतीजे सरफराज पर चाकुओं से हमला कर दिया। अरबाज व उसके दोस्तों ने चाकुओं से हमला करते हुए इमरान गौरी व बिलाल ने देखा। इमरान गौरी ने ही उन्हें इसकी सूचना दी। तब वह मौके पर गया, तो वहां उसका भतीजा सरफराज खून से लथपथ हालत में सड़क पर मृत पड़ा मिला।
मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर की 40 लाख मुआवजा की मांग
धरनार्थियों ने मुख्यमंत्री के नाम का एक ज्ञापन यहां उपखण्ड अधिकारी को सौंपा, जिसमें लाल मोहमद पुत्र इस्मायल तेली निवासी वार्ड नं. 10 सुजानगढ़, चांदबास खानपुर लाडनूं के साथ पीड़ित परिवार और उनके रिश्तेदारी व समाज के लोगों ने अपना मांगपत्र प्रस्तुत किया है। इसमें लिखा गया है कि पुलिस थाना जसवन्तगढ में दर्ज प्रकरण अन्तर्गत धारा 103 (1), 61 (2) के मामले में सरफराज पुत्र उमरदीन जाति तेली निवासी वार्ड नं. 2 लाडनूं के रहने वाले हैं। उसके हत्यारों में अरबाज फैजान, ईशान, नावेद और दो-चार अन्य सहित इस प्रकरण में लिप्त सभी हत्यारों को अतिशीघ्र गिरफ्तार किया जावे। यह मामला हत्या का है और संगीन प्रकृति का है, इसलिये मामले की जांच निष्पक्ष और ईमानदार अधिकारी से करवाई जाए, जिससे पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। इस वारदात के बाद से पीड़ित परिवार बुरी तरह से डरा और सहमा हुआ है, इसलिए पीड़ित परिवार को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध करवाई जावे। पीड़ित परिवार बहुत गरीब है। मजदूरी करके परिवार का गुजारा चला रहे हैं। जवान बेटे सरफराज की हत्या हो जाने से गहरा धक्का लगा है। इसलिये पीड़ित परिवार को 40 लाख रूपये की आर्थिक सहायता दी जावे और एक सदस्य को सरकार में संविदा नौकरी दी जावे। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि अगर इस हत्या के प्रकरण में आरोपियों की गिरफ्तारी में ढिलाई बरती गई तो सर्वसमाज द्वारा उग्र आन्दोलन धरना-प्रदर्शन किया जावेगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी धरना पुलिस प्रशासन की होगी। इस ज्ञापन पर लाल मोहम्मद, बिलाल, मुंशी, रामकरण, हरीश मेहरड़ा, मो. मुश्ताक़ खां कायमखानी, सदीक, वीरेंद्र सिंह, आमिर खान, रामनिवास जाट, मो. लतीफ, राशिद, मोहम्मद सलीम आदि ने हस्ताक्षर किए हैं। इधर सुजानगढ़ विधायक मनोज मेघवाल ने भी घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
इस तरह से हुई थी मर्डर की वारदात
जानकारी के अनुसार एक शादी की दावत में यह खूनी विवाद हुआ, जिसके बाद 22 वर्षीय सरफराज तेली की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में 2 नाबालिग लड़कों को राउंडअप किया है। बताया जा रहा है कि जसवंतगढ़ निवासी पप्पू पुत्र मुनीर के घर आयोजित रिसेप्शन डिनर में सुजानगढ़ से आए कुछ युवकों के साथ सरफराज की कहासुनी हो गई थी। कहा जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से चली आ रही रंजिश के चलते वहां विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति बन गई। इसके बाद सुजला चौराहे पर सुजानगढ़ से आए एक युवक ने सरफराज पर चाकू से हमला कर दिया। मृतक सरफराज सुजानगढ़ के खानपुर के चांदबास का निवासी था और प्लास्टिक तिरपाल का व्यापार करता था। घटना की सूचना मिलते ही जसवंतगढ़ थानाधिकारी राजेश पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार घटना में चार युवक शामिल थे, जो मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे। इनमें से दो संदिग्धों को राउंडअप कर लिया गया है, जिनकी उम्र करीब 16-17 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल टीम को साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया है। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।




