लाडनूं में शराब ठेकेदार की चल रही है 10 अवैध ब्रांचें, आबकारी विभाग ने एक पर छापा मारा, पर अभियुक्त हाथ नहीं आया,
अस्पताल और मंदिर के पास चल रही है शराब की अवैध बिक्री, बिगड़ रहा है मौहल्ले का माहौल

लाडनूं (kalamkala.in)। शराब बेचने के लिए ठेकेदार की ब्रांच के रूप में खोले गए अवैध शराब ठेके को बंद करवाने के सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न नागरिकों द्वारा बार-बार शिकायतें की जाने के बावजूद एक बार साधारण कार्रवाई के बावजूद उसकी अवैध ब्रांच बदस्तूर चालू है। यह अवैध शराब विक्रय का धंधा जोधां के बास में करणी हॉस्पिटल और ठाकुर जी के मंदिर के पास चलाया जा रहा है, जिस पर आस-पास के सभी रहवासियों और व्यवसायियों को सख्त आपत्ति है। लाडनूं के जोधा के बास में यह अवैध तरीके से शराब बेचने का कारोबार अमर सिंह उर्फ लाल सिंह पुत्र रंजीत सिंह निवासी जोधा बास वार्ड 16 लाडनूं द्वारा किया जाना बताया जा रहा है। मौहल्ले के बीच और मंदिर व अस्पताल के नजदीक उसके इस अवैध तरीके से शराब बेचने के कार्य को लेकर मोहल्लेवासियों द्वारा बार-बार रोक-टोक करने के बावजूद भी उसका अवैध तरीके से शराब बेचने का कार्य बंद नहीं किया जा रहा है। यहां शराब बेचने व वहीं पर शराब पिलाने से पास के मंदिर में आने-जाने वाली महिलाओं और श्रद्धालुओं को परेशानी होती है, वहीं पास में आबादी होने के कारण महिलाओं, युवाओं और बच्चों पर गलत असर पड़ता है। शराब सेवन करने वालों द्वारा शराब पीकर वहां पर ही गाली-गलौच और अभद्र भाषा का प्रयोग करने से मौहल्ले में अशांति भी बनी रहती है।
आबकारी विभाग ने शराब तो पकड़ी पर अभियुक्त फरार हो गया
क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता महावीरसिंह पुत्र मदनसिंह द्वारा इस स्थिति को लेकर उपखंड अधिकारी, पुलिस थाना और राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर भी शिकायतें की जा चुकी, लेकिन अभी तक सक्षम कार्रवाई नहीं किए जाने से यह अवैध धंधा लगातार चल रहा है। उन्होंने उपखण्ड अधिकारी को अवैध शराब ब्रांच को हटवाने बाबत एक ज्ञापन देते हुए बताया कि करणी होस्पीटल एवं ठाकुर जी के मन्दिर के पास जोधा बास लाडनूं में अमर सिंह उर्फ लालसिंह पुत्र रणजीत सिंह निवासी जोधा बास लाडनूं अवैध तरीके से शराब बेचाने का कार्य कर रहा है, जिसको मोहल्लेवासियों द्वारा बार-बार मना करने के बाद भी वह अपना अवैध तरीके से शराब बेचना जारी रखे हुए हैं।राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर भी इसकी शिकायत की गई। महावीर सिंह द्वारा दिए गए इस परिवाद के निस्तारण के लिए अतिरिक्त आबकारी अधिकारी राधेश्याम डेलू ने प्रहराधिकारी आबकारी निरोधक दल लाडनूं द्वारा जांच करवाई गयी। परिवाद में बताया गया कि करणी हॉस्पिटल के पास जोधा का बास में अमर सिंह जोधा उर्फ लाल सिंह जोधा द्वारा मदिरा बेची जा रही है, जो कि अवैध है। इनके पास कोई मदिरा बेचने का लाइसेन्स नहीं है। जिसके पास लाइसेंस है उस शराब दुकानदार का नाम ज्ञानप्रकाश नेहरा है। ज्ञानप्रकाश नेहरा की 10 ब्रांच विधायक की शह पर अवैध चल रही है। 24 अप्रेल को शिकायतकर्ता द्वारा बताये गए स्थल पर अमर सिंह पुत्र रंजीत सिंह के पास जाकर मौतबिरान की मौजूदगी में तलाशी लिए जाने पर एक प्लास्टिक के कट्टे में 23 पव्वे ‘ढोला मारु’ शराब से भरे हुए सीलबंद अवस्था में बरामद हुए। इस दौरान अभियुक्त मौके से फरार हो गया। अभियुक्त के विरुद्ध राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।






