लाडनूं शहर में अतिक्रमण हटाने पहुंचे नगर पालिका के दस्ते को लौटना पड़ा बैरंग, नहीं मिल पाई समय पर पुलिस इमदाद, ठेला चालक झगड़े पर हुए उतारु, क्यों नहीं सब्जी विक्रेताओं को पुरानी सब्जी मंडी में प्लॉट देकर बैठाया जाए, समस्या का स्थाई समाधान जरूरी

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

लाडनूं शहर में अतिक्रमण हटाने पहुंचे नगर पालिका के दस्ते को लौटना पड़ा बैरंग,

नहीं मिल पाई समय पर पुलिस इमदाद, ठेला चालक झगड़े पर हुए उतारु,

क्यों नहीं सब्जी विक्रेताओं को पुरानी सब्जी मंडी में प्लॉट देकर बैठाया जाए, समस्या का स्थाई समाधान जरूरी

लाडनूं (kalamkala.in)। शहर के मुख्य स्थल व सघन यातायात व आवाजाही वाले क्षेत्र राहुगेट स्थित आर्य समाज मंदिर के निकट पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम वाली गली में लगे हाथ ठेलों पर सब्जी बेचने वालों के कारण आवागमन बाधित होने व विभिन्न समस्याओं के पैदा होने की समस्या को देखते हुए उन्हें यहां से हटाने और रास्ता साफ कर आवाजाही सुचारू करने के लिए नगर पालिका ने तीन बार उन ठेला चालकों को समझाइश की और चेतावनी दी। लेकिन ठेला चालक अपनी हठधर्मिता पर अड़े रहे और नगर पालिका की परवाह नहीं करते हुए अधिकारियों की चेतावनी को पूरी तरह अनदेखी करते हुए इस मुख्य रास्ते से अपनी जगह नहीं छोड़ी। इस बदतर हो चुकी समस्या पर गुरुवार को नगर पालिका का पूरा अतिक्रमण हटाओ दस्ता वहां मौके पर पहुंचा।जेसीबी, ट्रेक्टर, सफाईकर्मियों की टीम और अन्य अधिकारियों की इस टीम को सब्जी ठेले हटाने के बजाय खाली हाथ ही वापस लौटना पड़ा। मौके पर सब्जी विक्रेता इन पालिका कार्मिकों से आपस में उलझ भी गए और ठेले हटाए जाने का जमकर विरोध किया।बताया जा रहा है कि नगर पालिका टीम के बैरंग वापस लौटने के पीछे पुलिस इमदाद का इंतजार करने के बावजूद मौके पर नहीं पहुंचना रहा। नगर पालिका ने पुलिस को इस कार्यवाही के दौरान पुलिस जाप्ता तैनात करने की मांग की थी, परन्तु तीन घंटों के इंतजार के बावजूद भी पुलिस जाप्ता नहीं पहुंचा। झगड़ा-फसाद की स्थिति नहीं बनने पाए, इस कारण नगर पालिका की टीम बिना कार्रवाई के वापस लौट गई।

सभी प्रमुख रास्तों पर जम कर बैठे हैं ये ठेला-चालक

शहर भर में इन ठेला चालक विक्रेताओं ने अतिक्रमण करके हालात बदतर बना डाले हैं। यातायात तो बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। बस स्टेंड से लेकर आर्य समाज होकर राहूगेट के अंदर और चंद्रसागर स्मारक मार्ग मुर्दा गली में इन ठेलों की इतनी भरमार है कि लोगों का पैदल निकलना तक मुश्किल हो चुका है। इन ठेला चालक सब्जी विक्रेताओं के कारण शहर के सभी वाहन चालक और पैदल निकलने वाले तक परेशान हैं। खराब सब्जी को इधर-उधर फेंक देने से इन क्षेत्रों में बेसहारा सांडों गौवंश का विचरण, झगड़ा, भिड़त आए दिन देखने को मिलती है और लोग चोटिल भी होते हैं।‌ वाहन और सामान की क्षति भी होती है। इन ठेले वालों के लिए घूम-घूमकर शहर भर में विक्रय करना होता है, परन्तु ये लोग एक ही जगह को स्थाई रूप से पकड़ लेते हैं और जगह को लेकर तो कई बार आपस में लड़ते-झगड़ते भी हैं। इनकी समस्या का समाधान पुलिस और नगर पालिका मिल कर ही निकाल सकती है।

फिर रौनक लाई जाए गांधी चौक सब्जी मंडी में

लाडनूं में सब्जी मंडी अलग से बनी हुई है। गांधी चौक में स्थित यह सब्जी मंडी में बरसों पहले बहुत ही चहल-पहल रहती थी, लेकिन आज वह वीरान सी नजर आने लगी है। सब्जी का भाव बताने वाली महिलाएं और पुरुष अब वहां नहीं रहे। मात्र मुख्य रास्ते के प्लेटफार्म पर कुछ सब्जी विक्रेता बैठे हैं और उनके पीछे की सारी पंक्तियां प्लेटफार्म या तो खाली पड़े हैं अथवा उन पर पानी-पताशा बेचने वाले, आइसक्रीम बेचने वाले, चप्पलें बेचने वाले जमे हैं। उचित स्थान को लेकर प्रबंधन करने में शहर में समस्या नजर आ रही है। नगर पालिका कभी यहां हर प्लॉट का मासिक राशि प्राप्त कर रसीद काटती थी। बाद में यह सब बंद हो गया। नगर पालिका चाहे तो अब भी इस सब्जी मंडी के प्लॉट निर्धारित करके उनका आवंटन सब्जी बेचने वालों को करके समस्या का हल किया जा सकता है। इसके लिए सभी सब्जी विक्रेताओं को बुलाया जाकर पाबंद करना आवश्यक हैं। शहर की इस सबसे बड़ी समस्या के समाधान के लिए नगर पालिका को कुछ ठोस कदम तो उठाने ही होंगे।

इनका कहना है

नगर पालिका ने इन ठेलों को हटा कर आम रास्ते को अतिक्रमण मुक्त करने का पूरा प्रयास किया है, लेकिन पुलिस जाप्ता नहीं मिलने से और किसी अनहोनी के डर से कार्रवाई पूरी नहीं की जा सकी।
– हरेंद्र चौधरी, अधिशाषी अधिकारी, नगर पालिका लाडनूं।

kalamkala
Author: kalamkala

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पड़ गई

लाडनूं शहर में अतिक्रमण हटाने पहुंचे नगर पालिका के दस्ते को लौटना पड़ा बैरंग, नहीं मिल पाई समय पर पुलिस इमदाद, ठेला चालक झगड़े पर हुए उतारु, क्यों नहीं सब्जी विक्रेताओं को पुरानी सब्जी मंडी में प्लॉट देकर बैठाया जाए, समस्या का स्थाई समाधान जरूरी

शहर चुनें

Follow Us Now