सादी ड्रेस की महिला व पुरुष पुलिसकर्मियों ने निगरानी कर छेड़छाड़ करने वाले 11 युवकों को दबोचा,
लाडनूं के बस स्टेंड पर लड़कियों पर फब्तियां कसने वाले तेली रोड के नरेश को पुलिस ने पकड़ा
डीडवाना (kalamkala.in)। लड़कियों के साथ छेड़छाड़ करने वाले मनचलों के खिलाफ पुलिस ने अभियान छेड़ कर पुलिस की ‘कालिका’ टीमों को सक्रिय करके जिले भर में एक साथ डिकॉय ऑपरेशन चलाया गया। इस कार्यवाही में कालिका टीम कुचामन सिटी, मकराना, लाडनूं एवं संबंधित थाना स्टाफ की संयुक्त एवं सराहनीय भूमिका रही। इस ऑपरेशन के तहत कुचामन सिटी, मकराना एवं लाडनूं की कालिका टीमों द्वारा सार्वजनिक स्थानों, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों, स्कूल एवं कॉलेजों के आसपास महिलाओं व छात्राओं को परेशान, छेड़छाड़ करने (फब्तियां कसने) वाले मनचलों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई। इस कार्यवाही में कालिका टीमों ने कुल 11 मनचलों को गिरफ्तार किया, जिनमें लाडनूं में 1, मकराना में 3 और कुचामन सिटी में 7 मनचले पकड़े गए।
सिविल ड्रेस में महिला-पुरुष पुलिस कर्मियों की तैनाती कर निगरानी
जिला पुलिस अधीक्षक श्रीमती ऋचा तोमर के निर्देशन में तथा एडिशनल एसपी हिमांशु शर्मा डीडवाना (नोडल अधिकारी- कालिका यूनिट) के पर्यवेक्षण में जिले के समस्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं वृताधिकारियों के सुपरविजन में जिलेभर में गठित ‘कालिका पुलिस टीमों’ व अन्य पुलिस टीमों द्वारा एक साथ व्यापक स्तर पर डिकॉय ऑपरेशन चलाया गया। अभियान के अंतर्गत सार्वजनिक स्थानों, बस स्टैंड, स्कूल-कॉलेजों के आसपास एवं भीड-भाड़ वाले क्षेत्रों में सिविल ड्रेस में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों को तैनात कर आम नागरिकों की तरह निगरानी रखी गई, ताकि महिलाओं, बालिकाओं एवं छात्राओं को परेशान करने वाले मनचलो की पहचान कर उनके विरुद्ध त्वरित कार्यवाही की जा सके। इस दौरान कार्रवाई करते हुए कुल 11 मनचलों को गिरफ्तार किया गया।
फोन नंबर लिखी पर्चियां लड़कियों के सामने फेंकने वाला गिरफ्तार
कालिका टीम की कार्रवाई में कुचामन सिटी कालिका टीम द्वारा 7 मनचलों को गिरफ्तार किया गया। कुचामन शहर में विभिन्न टीमों द्वारा कुल 10 स्थानों पर डिकॉय ऑपरेशन संचालित किया गया। इनमें कालिका टीम कुचामन सिटी की कार्यवाही एडिशनल एसपी विमल सिंह कुचामन सिटी एवं वृताधिकारी मुकेश चौधरी के सुपरविजन में तथा थानाधिकारी सतपाल सिह, कुचामन सिटी के नेतृत्व में कालिका टीम एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय की महिला पुलिसकर्मियों द्वारा सिविल ड्रेस में प्रमुख स्थानों स्कूल, मॉल, बस स्टैंड, पार्क आदि पर प्रभावी तैनाती की गई। मिर्धा नगर, कुचामन सिटी में एक युवक द्वारा युवतियों को अकेला समझकर उनके पास अपने मोबाइल नंबर की पर्ची (स्लिप) फेंककर परेशान करने पर पूर्व से तैनात कालिका टीम द्वारा तत्काल दबोचा गया।Rajcop Citizen App (Need Help) के माध्यम से प्राप्त कॉल पर महिलाओं से अभद्र व्यवहार करने वाले 3 युवकों को मौके से गिरफ्तार किया गया।सीकर बस स्टैंड क्षेत्र में कार्यरत महिलाओं द्वारा लगातार छेडछाड की शिकायतें प्राप्त होने पर डिकॉय ऑपरेशन के तहत 13.05.2026 को सादा वेश में टीम तैनात की गई, जहां महिलाओ से अभद्र व्यवहार करते पाए जाने पर 3 युवकों को गिरफ्तार किया गया। इस प्रकार कुचामन सिटी क्षेत्र में कुल 7 आरोपियों राकेश, तुशार, सुरेश, दयाल, अब्दुल समद, सद्दाम एवं सुनील को गिरफ्तार किया गया।
लाडनूं में युवतियों पर फब्तियां कसने वाला एक युवक नरेश गिरफ्तार
कालिका टीम लाडनूं द्वारा कार्रवाई करते हुए 1 युवक को गिरफ्तार किया गया। कालिका टीम लाडनूं की यह कार्यवाही एडिशनल एसपी हिमांशु शर्मा एवं पुलिस उप अधीक्षक लाडनूं जितेन्द्र सिंह चारण के सुपरविजन में तथा लाडनूं थानाधिकारी शिंभुदयाल मीणा के नेतृत्व में कालिका टीम द्वारा बस स्टैंड चौपाटी क्षेत्र में कार्रवाई की गई। इसमें युवतियों पर फब्तियां कसने वाले एक युवक को चिह्नित कर गिरफ्तार किया गया। अभियान में गिरफ्तार आरोपी नरेश निवासी तेली रोड लाडनूं है।
मकराना रेलवे स्टेशन पर कस रहे थे फब्तियां, धरे गए
कालिका टीम मकराना द्वारा कार्रवाई करते हुए 3 युवकों को गिरफ्तार किया गया। कालिका टीम मकराना की कार्यवाही एडिशनल एसपी परबतसर नेमीचंद खारिया एवं मकराना वृताधिकारी विक्की नागपाल के सुपरविजन में तथा मकराना थानाधिकारी जगदीश प्रसाद के नेतृत्व में कालिका टीम द्वारा रेलवे स्टेशन मकराना पर डिकॉय ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान युवतियों पर फब्तियां कसने एवं अभद्र व्यवहार करने वाले 3 युवकों को चिह्नित कर मौके पर गिरफ्तार किया गया। ये गिरफ्तार आरोपी हैं अंसार आलम निवासी किशनगंज (बिहार), शहादत निवासी किशनगंज (बिहार) व जितेन्द्र सिंह निवासी गांगवा रोड, मकराना।
पुलिस की अपील
महिलाओं एवं छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले व्यक्तियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। आपात स्थिति में नागरिक Rajcop Citizen App (Sos feature), महिला हेल्पलाइन: 1098,
पुलिस कंट्रोल रूम हेल्पलाइन: 9530413387 पर सूचना-सम्पर्क कर सकते हैं।






