लाडनूं, निम्बी जोधां, डीडवाना क्षेत्रों में पुलिस की प्रभावी ‘ए’ श्रेणी नाकाबंदी वाहनों की जांच, 1183 वाहन चैक किए, 329 चालान काटे


लाडनूं/डीडवाना (kalamkala.in)। पुलिस महानिदेशक जयपुर के आदेशानुसार एवं पुलिस महानिरीक्षक पुलिस अजमेर रेंज व जिला पुलिस अधीक्षक श्रीमती ऋचा तोमर के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न स्थानों पर प्रभावी ‘ए’ श्रेणी नाकाबंदी करवाई गई। इस नाकाबंदी में कुल 17 फिक्स पिकेट पर शनिवार को सायं 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक हथियार बंद जवानों के साथ की गई इस नाकाबंदी का मुख्य उद्देश्य सुरक्षित यातायात व अवैध हथियारों/मादक पदार्थों पर कार्रवाई करना था। नाकाबंदी के दौरान कुल 1183 वाहन चैक किए जाकर कुल विभिन्न श्रेणियों में 329 चालान मुर्तिब किए गये।
शराब पीकर वाहन चलाने पर किए वाहन जब्त
नाकाबंदी के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीडवाना, कुचामन सिटी व परबतसर एवं वृत्ताधिकारी वृत डीडवाना, कुचामन सिटी, मकराना व लाडनूं द्वारा अपने-अपने सेक्टर/वृत की नाकाबंदी का प्रभावी पर्यवेक्षण किया। नाकाबंदी के दौरान समस्त प्रकार के वाहनों की सघनता से चैकिंग कर शराब पीकर वाहन चलाना, बिना सीट बेल्ट, बिना हेलमेट, बिना नंबर प्लेट, काली फिल्म, मोबाईल पर बात करते हुए वाहन चलाना के विरूद्ध कार्रवाई की गई। नाकाबंदी के दौरान की गई कार्रवाई के दौरान कुल 1183 वाहन चैक किए गए, जिनमें दोपहिया वाहन 522 और फोरव्हीलर वाहन 661 थे। इनमें से शराब पीकर वाहन चलाने पर 12 वाहनों को जब्त किया गया। बिना शीट बेल्टके, 69, बिना हेलमेट के 67, मोबाईल पर बात करते हुए वाहन चलानाए पर 14, बिना नंबर प्लेट के 83, काली फिल्म लगे शीशों के 50 वाहन तथा अन्य 34 वाहनों के चालान बनाए गए।
जिला पुलिस की आमजन से अपीलः-
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात के नियमों का पालन करें। सुरक्षित यात्रा करें तथा स्वयं व दूसरों के अमूल्य जीवन की रक्षा करें।







