जसवंतगढ की योग विशेषज्ञा सलोनी शर्मा ने योग क्षेत्र में बजाया प्रदेश में डंका,
राज्य स्तरीय योगासन प्रशिक्षक के रूप में ‘ए-प्लस’ श्रेणी में हासिल की सफलता, लगा बधाइयों का तांता

लाडनूं (kalamkala.in)। लाडनूं उपखण्ड क्षेत्र ही नहीं समूचे डीडवाना-कुचामन जिले की होनहार बेटी सलोनी शर्मा ने योग के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। क्षेत्र के जाने-माने पत्रकार सुशील शर्मा की पुत्री सलोनी जिले की प्रख्यात योग-विशेषज्ञा और कुशल प्रशिक्षिका के रूप में पहले से ही पहचानी जाती रही हैं। अब उन्होंने 7वें राज्य स्तरीय योगासन निर्णायक व प्रशिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम 2026-2027 में ‘ए प्लस’ श्रेणी के साथ प्रशिक्षक स्तर-1 की योग्यता हासिल कर जिले को गौरवान्वित किया है।यह महत्वपूर्ण प्रशिक्षण ‘मरु प्रदेश योगासन’ द्वारा ‘योगासन भारत’ के सहयोग से 9 से 12 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से किया गया था। गौरतलब है कि योगासन भारत को युवा मामले एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार से मान्यता प्राप्त है और यह प्रतिष्ठित संस्था भारतीय ओलंपिक संघ की सहयोगी सदस्य भी है। इस योग्यता के साथ सलोनी शर्मा अब आधिकारिक रूप से योगासन खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने के लिए अधिकृत हो गई हैं। सलोनी की इस उल्लेखनीय सफलता पर मरु प्रदेश योगासन के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा, महासचिव संदीप कासनिया, प्रशिक्षु कार्यकारी निदेशक राजेंदर कासनिया और आयोजन निदेशक गजराज सिंह ने हार्दिक सराहना की है। साथ ही योग शिक्षक दिनेश पाराशर, वृंदा फाउंडेशन के डायरेक्टर अंजनी कुमार सारस्वत, राम अवतार उपाध्याय, रीयल हेल्प ब्यूरो की महिला प्रदेशाध्यक्ष सुमित्रा आर्य आदि गणमान्य लोगों ने भी सलोनी शर्मा को शुभकामनाएं और बधाई दीं। सलोनी की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिजन बल्कि समस्त क्षेत्रवासी हर्षित हैं। सभी को विश्वास है कि सलोनी की यह सफलता जिले में योग के प्रति जागरूकता का नया अध्याय लिखेगी और अनगिनत युवाओं को इस दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।




