लाडनूं में तेज अंधड़ बारिश ने मचाई तबाही, तीन दर्जन से अधिक बिजली के खंभे टूटे, पेड़-बोर्ड-टीन-टप्पर धराशायी हुए, बिजली रही गुल




लाडनूं (kalamkala.in)। लाडनूं क्षेत्र में शनिवार को आंधी, बारिश, तूफान के कारण भारी नुकसान हुआ है। पेड़ गिर गए, बिजली के खंभे टूट गए और लोगों के टीन-टप्पर,साइन बोर्ड्स उड़ गए। सब जगह पानी ही पानी भर गया और आवागमन तक बाधित हो गया। लाडनूं क्षेत्र में 35 बिजली के खंभों के गिरने की सूचना है और अभी यह संख्या और अधिक बढने की संभावना है। लाडनूं शहर क्षेत्र में सिनेमा हॉल के पीछे, गौरव पथ पर मेघवाल समाज संस्थान के पास, लादू बाबा की बगीची के पास डीडवाना रोड पर एक होटल के ऊपर खंभा गिरा है, सुनारी रोड, जसवंतगढ़ आदि विभिन्न क्षेत्रों में खंभों के धराशायी होने की खबरें आ रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से भी सूचनाएं अभी मिल रही हैं। रिडकोर द्वारा हाईवे पर लगाए गए सूचना बोर्ड भी टूट कर गिरे हैं। अभी नुकसान की बहुत सारी खबरें आनी बाकी हैं। आंधी बारिश के कारण और खंभे टूटने के कारण समूचे क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। आंधी तूफान ने भारी तबाही क्षेत्र में मचाई है। इसी तरह बरसात ने भी लोगों के समक्ष आफत का रूप ले लिया। सिवरेज लाइन में गलत तरीके से वर्षाजल के कनेक्शन भी करवा दिए जाने से बहुत से क्षेत्रों में सिवरेज का गंदा बदबूदार पानी लोगों के घरों में घुस गया। मालियों का बास में लगभग इसी तरह के हालात नजर आए। शहर भर में रास्ते भी पानी से भर जाने से लोगों के आवागमन और वाहनों की आवाजाही में भारी बाधा पैदा हुई। बारिश के तेज होने से बस स्टेंड भी पानी से भय गया। खंदेड़ा को जेसीबी से खोदे जाने और बस स्टेंड के बोरवैल को जेसीबी से साफ करने के ईओ हरेन्द्र चौधरी के आदेशों के बावजूद पूरा काम नहीं होने से बरसात के पानी के भराव को खाली होने में समय लग रहा है, जो लोगों की परेशानी का कारण बन रहा है।






